गंगा एक्सप्रेस वे पर स्लीपर बस पलटी, 17 यात्री घायल
हरदोई के बिलग्राम में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस मंगलवार सुबह पलट गई। बस दिल्ली से लखनऊ जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे 17 यात्री घायल हुए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है और उन्हें मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।
बिलग्राम (हरदोई), संवाददाता हरदोई जिले में बिलग्राम क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के कट नंबर 329 पर मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे यात्रियों से भरी स्लीपर बस पलट गई। जिसमें 17 यात्री घायल हो गए। दो की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें मेडिकल कालेज रेफर किया गया है ।जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली से लखनऊ जा रही थी। बस तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इससे अचानक चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद गंगा एसक्प्रेस वे के कर्मचारियों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एम्बुलेंस से सभी घायलों को बिलग्राम सीएचसी पर भर्ती कराया गया।
बताया गया घायलों में मयंक ,अमरेश पांडे ,सुधा पांडे, ममता शर्मा ,नैना शर्मा, निष्ठा ,आरती, कविता ,राहुल, कुशल, सुमित शर्मा ,तुषार श्रीवास्तव, अभिषेक, अपूर्व श्रीवास्तव, राम सिंह ,विवेक और अन्नू बताए गए हैं। जिनमें से राम सिंह और विवेक की हालत गंभीर और ज्यादा चोट लग जाने की वजह से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सभी खतरे से बाहर बताए गए है। वहीं हाईवे अथॉरिटी ने बस को क्रेन से उठाकर सुरक्षित कराया है। यातायात को शुरू कर दिया है। सूचना पाकर घायल यात्रियों के परिजनों का भी पहुंचना शुरू हो गया है।


