मोटर्स के मजदूरों के हित में इस बार 20% बोनस हो : बंटी
टाटा मोटर्स बाई सिक्स यूनियन के पूर्व नेता बंटी सिंह ने टाटा मोटर्स यूनियन से अपील की है कि वे कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस दिलाने के लिए कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2025 में टाटा मोटर्स के विभाजन के बाद, कर्मचारियों के लिए यह बोनस एक नई शुरुआत होगा। साथ ही, कंपनी के लाभ और उत्पादन के आंकड़े भी सार्वजनिक करने की मांग की।
टाटा मोटर्स बाइ सिक्स यूनियन के पूर्व नेता बंटी सिंह ने कहा है कि टाटा मोटर्स यूनियन को इस बार मजदूर हित में फैसला लेते हुए कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस दिलाने के लिए मजबूती से पहल करनी चाहिए। उन्होंने रविवार को बयान जारी कर कहा कि अक्टूबर 2025 में टाटा मोटर्स के कमर्शियल और पैसेंजर व्हीकल्स कारोबार के अलग-अलग कंपनियों में विभाजन के बाद जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के लिए यह बोनस समझौता एक नए दौर की शुरुआत है।इस बार सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कंपनी में अब एक भी बाई-सिक्स (अस्थायी) कर्मचारी शेष नहीं है। इसलिए बोनस के साथ स्थायीकरण का मुद्दा जोड़कर कर्मचारियों को गुमराह करने की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
इसलिए अब पूरा ध्यान बोनस प्रतिशत बढ़ाने पर होना चाहिए।टाटा मोटर्स के मदर प्लांट जमशेदपुर ने पिछले वित्तीय वर्ष में कितना वार्षिक लाभ कमाया और कितना उत्पादन किया, इसका स्पष्ट आंकड़ा भी कर्मचारियों के सामने सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि बोनस पर बातचीत पूरी पारदर्शिता और वास्तविक तथ्यों के आधार पर हो।उन्होंने सवाल किया कि जब टाटा मोटर्स पर आश्रित टाटा कमिंस के कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस मिल सकता है, तो टाटा मोटर्स के कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस क्यों नहीं मिल सकता।


