केन्द्र का ध्यान आर्थिक बहाली पर, डेली हेल्थ ब्रीफिंग की जगह दिए जाएंगे बुलेटिन्स
केंद्र सरकार ने कोरोना संक्रमण पर स्वास्थ्य मंत्रालय की दैनिक ब्रीफिंग रविवार तक स्थगित कर दी है। इसके स्थान पर स्वास्थ्य बुलेटिन जारी करने का फैसला लिया गया है। एक सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को यह...

केंद्र सरकार ने कोरोना संक्रमण पर स्वास्थ्य मंत्रालय की दैनिक ब्रीफिंग रविवार तक स्थगित कर दी है। इसके स्थान पर स्वास्थ्य बुलेटिन जारी करने का फैसला लिया गया है। एक सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि ताजा बदलाव आर्थिक गतिविधियों की बहाली और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करने की सरकारी कोशिशों को दर्शाता है।
मंगलवार को कोरोना संकट के बीच राष्ट्र के नाम अपने पांचवें संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा करने के साथ ही देश को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि उनकी जिंदगी कोरोना संकट के इर्दगिर्द ही नहीं घूमती रहेगी। कोरोना संक्रमण पर स्वास्थ्य मंत्रालय की दैनिक ब्रीफिंग की जगह स्वास्थ्य बुलेटिन के प्रसारण का निर्णय प्रधानमंत्री की इन्हीं कोशिशों का हिस्सा है।
अधिकारी ने बताया कि सरकार में इस बात पर सभी की सहमति थी कि देश का ध्यान आर्थिक गतिविधियों की बहाली, आत्मनिर्भरता की प्राप्ति और उपरोक्त लक्ष्यों को हासिल करने के लिए घोषित आर्थिक पैकेज पर होना चाहिए। यही कारण है कि स्वास्थ्य मंत्रालय की दैनिक ब्रीफिंग के स्थान पर स्वास्थ्य बुलेटिन जारी करते हुए प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान, आर्थिक पैकेज व विज्ञान एवं तकनीक क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों पर ध्यान केंद्रित करने का निर्णय लिया गया है। लोगों को यह भी बताया जाएगा कि कैसे कोरोना संक्रमण ने स्थानीय स्तर पर उत्पादन को बढ़ावा देने और बाजार व आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने की जरूरत समझाई है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Rajesh KumarI am Rajesh Kumar working as Chief Content creator in live hindustan. In the field of media i am working from more than thirteen years, covering Political and social and other issues. you can also follow me on twitter @rajeshemmc
और पढ़ें

