बुलंदशहर : शिकायतों के निस्तारण में बुलंदशहर पुलिस का प्रदेश में दबदबा, मिला पहला स्थान
बुलंदशहर : शिकायतों के निस्तारण में बुलंदशहर पुलिस का प्रदेश में दबदबा, मिला पहला स्थान

जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में बुलंदशहर पुलिस ने प्रदेश भर में अव्वल स्थान हासिल कर मिसाल कायम की है। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआएस) पोर्टल पर अगस्त 2026 में दर्ज सभी 3,894 शिकायतों का समयबद्ध समाधान कर और शिकायतकर्ताओं से शत-प्रतिशत संतुष्ट फीडबैक प्राप्त करके जिले ने राज्य में पहली रैंक हासिल की है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि माह अगस्त में पोर्टल के जरिए विभिन्न श्रेणियों—सीएम हेल्पलाइन, सीएम संदर्भ, पीजी पोर्टल, ऑनलाइन संदर्भ तथा एसएसपी/डीएम संदर्भ की कुल 3,894 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। पुलिस टीमों ने प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच की और समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया।
इन 26 थानों का प्रदर्शन रहा सर्वश्रेष्ठ
रैंकिंग में जिले के 26 थानों ने शीर्ष स्थान हासिल कर इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई। इनमें सलेमपुर, महिला थाना, नरौरा, गुलावठी, कोतवाली नगर, अरनिया, रामघाट, शिकारपुर, कोतवाली देहात, खुर्जा नगर, अनूपशहर, अगौता, खुर्जा देहात, अहमदगढ़, चोला, औरंगाबाद, डिबाई, ककोड़, नरसेना, जहांगीराबाद, स्याना, बीबीनगर, जहांगीरपुर, अहार, छतारी और सिकन्द्राबाद शामिल हैं।
एसएसपी की प्रशंसा और सम्मान
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने इस सफलता के लिए पूरी पुलिस टीम की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान और निष्पक्ष न्याय दिलाना ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसएसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले आईजीआरएस सेल के कर्मियों और शीर्ष थानों के नोडल कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की है。


