बीएसएनएल का परिचालन राजस्व 10 प्रतिशत बढ़ा : सिंधिया
केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि बीएसएनएल ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में अपने परिचालन राजस्व में लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है। मंत्री ने कहा कि बीएसएनएल के उद्यमी व्यवसाय खंड और उपभोक्ता 'मोबिलिटी' में वृद्धि देखी गई है, जबकि फिक्स्ड एक्सेस खंड लगभग स्थिर रहा।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बीएसएनएल ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में अपने परिचालन राजस्व में 'बिना ऑडिट' के लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही के लिए बीएसएनएल की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए सिंधिया ने कहा कि बीएसएनएल के उद्यमी व्यवसाय खंड और उपभोक्ता 'मोबिलिटी' में वृद्धि देखी गई है, जबकि उपभोक्ता 'फिक्स्ड एक्सेस' खंड लगभग स्थिर रहा है। सिंधिया ने कहा कि जहां तक हमारे कुल राजस्व की बात है, तो कारोबार के परिचालन से सीधे तौर पर हमें पिछले साल के मुकाबले राजस्व में लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी मिली है।
पिछले साल हमने पहली तिमाही में 4,017 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया था। इस साल हमने पहली तिमाही में 4,418 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। यानी इसमें 401 करोड़ रुपये का अंतर या बढ़ोतरी हुई है।


