बीएसएनएल कर्मचारियों ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी
फोटो : जरूर लगा दे हल्द्वानी। बीएसएनएल के प्रस्तावित पुनर्गठन के विरोध में सुभाष

हल्द्वानी। बीएसएनएल के प्रस्तावित पुनर्गठन के विरोध में सुभाष नगर स्थित मुख्यालय में कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार चौथे दिन भी जारी रहा। ऑल यूनियंस एंड एसोसिएशंस ऑफ बीएसएनएल के बैनर तले आयोजित धरने में कर्मचारियों ने प्रबंधन के फैसले को कर्मचारी और कंपनी दोनों के हितों के खिलाफ बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि प्रस्तावित पुनर्गठन के तहत बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों को शहरी क्षेत्रों से ग्रामीण इकाइयों में स्थानांतरित किया जा रहा है। इससे शहरों में तकनीकी और परिचालन कार्यों के लिए कर्मचारियों की कमी हो जाएगी, जिसका सीधा असर बीएसएनएल की सेवाओं पर पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगले चरण में कर्मचारी भूख हड़ताल शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। धरने में जनरल सेक्रेट्री मनोज सिंह, जिला सचिव राजेश रावत, शंकर गुंज्याल, सर्वेश चौहान, अनूप गोस्वामी, धीरेंद्र सिंह, देवेंद्र कुमार, नरेंद्र बिष्ट, राजेश मुरारी, जीएस कार्की, बीके मेहता आदि रहे。
प्रमुख मांगें
कर्मचारियों की स्पष्ट और लिखित सहमति के बिना किसी भी प्रकार की पुनर्गठन प्रक्रिया लागू न की जाए , साथ ही बीएसएनएल की परिसंपत्तियों और संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा कर्मचारियों के सेवा हितों, सुरक्षित कार्य वातावरण और उनके स्थायी भविष्य की गारंटी दी जाए। यूनियनों का कहना है कि इन मांगों को लेकर कर्मचारी एकजुट होकर संघर्ष जारी रखेंगे।


