त्रिपुरा सीमा पर गोलीबारी में एक बंगलादेशी की मौत
त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में, सीमा सुरक्षा बल ने बांग्लादेशी तस्कर तारा मियां को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। तस्करों ने जवानों पर हमला किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में यह घटना हुई। मृत तस्कर का शव कानूनी प्रक्रिया के बाद उसके परिवार को सौंपा जाएगा।

अगरतला, एजेंसी। त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में भारत में घुसे बांग्लादेशी तस्कर को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। शनिवार रात ईरानी पुलिस थाने के तहत मगुरुली में भारत-बांग्लादेश सीमा पर गश्त के दौरान बीएसएफ जवानों ने संदिग्ध बांग्लादेशी तस्करों को सीमा पार करते देखा। इस बीच उन्हें रोका तो जवानों पर हथियारों से हमले किए गए। जवाबी कार्रवाई के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर समूह के कई लोग वहां से भाग निकले। तलाशी के दौरान भारतीय इलाके में एक संदिग्ध तस्कर का गोलियों से छलनी शव बरामद हुआ। उसकी पहचान बांग्लादेश के मौलवीबाजार जिले के दशटेकी निवासी 24 वर्षीय तारा मियां के रूप में हुई है।
उनाकोटी जिले के पुलिस अधीक्षक ऋषभ ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तारा के शव को बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड के जरिए उसके परिवार को सौंपा जाएगा।


