एसएसबी कैंप में ग्रामीणों के साथ समन्वय बैठक
दिघलबैंक। एक संवाददाता भारत-नेपाल सीमा पर स्थित 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की

दिघलबैंक। एक संवाददाता भारत-नेपाल सीमा पर स्थित 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की बी कंपनी दिघलबैंक कैंप में मंगलवार को ग्राम समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट मनोज कुमार ने की। इसमें धनतोला और दिघलबैंक पंचायत के प्रतिनिधियों के अलावा सीमावर्ती क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ एसएसबी और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। सहायक कमांडेंट ने ग्रामीणों को सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता के बारे में जानकारी देते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु की जानकारी तत्काल एसएसबी को देने की अपील की।
उन्होंने बाहरी और अपरिचित लोगों पर नजर रखने तथा किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की सूचना सुरक्षा बलों के साथ साझा करने पर जोर दिया। बैठक में नशा मुक्ति, मानव तस्करी, पशु तस्करी, अन्य तस्करी, अवैध घुसपैठ और गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम में ग्रामीणों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीणों की सजगता और सहयोग से सीमावर्ती क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं क्षेत्र के युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बल और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए प्रोत्साहित किया गया। युवाओं को शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नियमित अभ्यास और राष्ट्रसेवा के महत्व की जानकारी देते हुए भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने एसएसबी के प्रति विश्वास जताते हुए सीमा सुरक्षा और क्षेत्र में शांति बनाए रखने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में एसएसबी के जवानों के साथ पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सीमावर्ती ग्रामीण मौजूद रहे।


