बीएसएफ ने हथियारों के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
चंडीगढ़ में सीमा सुरक्षा बल और तरनतारन पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके पास एक राइफल और सात पिस्तौल थीं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ये हथियार सीमा पार से आए थे और इन्हें पंजाब में हत्या तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए इस्तेमाल किया जाना था। जांच जारी है।

चंडीगढ़, एजेंसी। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और तरनतारन पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक राइफल और सात अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की गई हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सीमा पार से सक्रिय राष्ट्रविरोधी तत्वों ने कई गैंगस्टर नेटवर्क की मिलीभगत से हथियारों की यह खेप भेजी थी। उन्होंने कहा कि इन हथियारों का इस्तेमाल लोगों को लक्ष्य बनाकर उनकी हत्या करने और पंजाब में शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए किया जाना था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हथियारों की आपूर्ति से जुड़े लोगों, नेटवर्क के सभी सदस्यों की पहचान करने तथा तस्करी गिरोह में शामिल विदेश में बैठे संचालकों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।


