मासूम भाइयों की मौत डूबने से नहीं, पुरानी रंजिश में हुई हत्या
बांदा में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के गांव नन्दवारा में 30 सितंबर को पुरानी प्रधानी की रंजिश में दो मासूम भाइयों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी और एक जिलाबदर अपराधी सहित 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बच्चों के शव पानी भरे गड्ढे में मिले थे।

बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नन्दवारा में बीते 30 सितंबर को पुरानी प्रधानी की रंजिश को लेकर दो सगे मासूम भाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद छह वर्षीय मनोज कुमार और चार वर्षीय युवराज के शव गांव के ही एक दुकान के पीछे पानी भरे गड्ढे में फेंक दिए गए। मासूमों के मुंह से खून बह रहा था और उनके शरीर पर चोटों के गंभीर निशान थे। जिसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पुष्टि हुई। गुरुवार देर रात पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर गांव के ही एक नामजद दोहरे हत्याकांड के आरोपी और एक जिलाबदर अपराधी सहित 9 लोगों के खिलाफ हत्या व साजिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, पूरे मामले में पुलिस शुरूआत से ही बच्चों की हत्या को पानी में डूबकर मरने का रूप देने में जुटी थी。
मासूम भाइयों की गायब होने की जांच
नन्दवारा गांव निवासी भइयाराम राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे उनके दोनों बेटे 6 वर्षीय मनोज और 4 वर्षीय युवराज घर के दरवाजे पर खेल रहे थे। वह गांव के ही देवी स्थान पर स्नान और पूजा करने गए थे, जबकि उनकी पत्नी घर के भीतर घरेलू कामकाज में व्यस्त थी। दोपहर करीब 2 बजे जब वह वापस लौटे, तो बच्चे गायब थे। पत्नी से पूछने पर पता चला कि वे बाहर ही खेल रहे थे। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से बच्चों की काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं लगा। इसके बाद पीड़ित पिता ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नरैनी कोतवाली पुलिस ने जब ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव में सघन तलाशी अभियान चलाया, तो शाम करीब 7 बजे गांव के ही राधेश्याम की दुकान के पीछे बने एक गहरे गड्ढे से दोनों मासूमों के शव बरामद हुए। बच्चों के शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। दोनों मासूमों के मुंह से खून आ रहा था, जिससे साफ था कि उनकी गला दबाकर या बेरहमी से मारपीट कर हत्या की गई है।
आरोपियों की पहचान और मुकदमा
पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि गांव के ही महेंद्रपाल वर्मा उर्फ राजू (जो पहले भी एक दोहरे हत्याकांड का नामजद अभियुक्त रह चुका है) और उसके साथी शेरा उर्फ ओमकार (जो कि जिलाबदर अपराधी है) से उनकी प्रधानी की पुरानी चुनावी रंजिश चल रही है। इन लोगों ने अपने साथियों भवानीदीन, अखिलेश और उसकी पत्नी सुनीता, अर्चना, रामलली, लम्बरी और सुरेंद्र नेता के साथ मिलकर लाठी-कुल्हाड़ी से उसके परिवार पर जानलेवा हमला कर पूरे परिवार का 'वंशनाश' करने की धमकी दी थी। ऐसे में इन लोगों ने मासूम बच्चों को अगवा कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि पिता तहरीर के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी。


