कत्ल से पहले कैमरे बंद कराए, फिर घर में ताला डाल भागे कातिल
गश्त करती रही पुलिस फालोअप : फोटो 5 परिचय गंगानगर कॉलोनी में मारपीट में मारे गए आकाश कश्यप के घर के बाहर तैनात पुलिस बल। फर्रुखाबाद संवाददाता। गंग

फर्रुखाबाद, संवाददाता। गंगानगर कॉलोनी में ई-रिक्शा चालक आकाश कश्यप की बेरहमी से हत्या के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में मोर्चा संभाल लिया है। नामजद आरोपी पप्पू शुक्ला अपने घर में ताला लगाकर फरार हो गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। तनाव की स्थिति को देखते हुए रातभर पुलिस ने मोहल्ले में गश्त की। मृतक के घर के बाहर भी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। परिजनों ने मुख्य आरोपी पप्पू शुक्ला पर साजिश के तहत हमला कराने का आरोप लगाया है। आरोप है कि शनिवार सुबह पप्पू ने आसपास के लोगों और युवकों को अपने साथ जुटाया और लाठी-डंडों से लैस होकर आकाश पर हमला किया गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि वारदात से पहले गली में लगे कैमरों को बंद करा दिया गया था, ताकि हमले की रिकॉर्डिंग न हो सके। हालांकि पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति तथा फुटेज की पड़ताल की जा रही है। गंगानगर कॉलोनी के लोगों के बीच मुख्य आरोपी पप्पू शुक्ला की दबंगई को लेकर चर्चा है。
ब्याज पर रुपये देने का काम करता मुख्य आरोपी
ई-रिक्शा चालक के परिजनों ने बताया कि पप्पू के खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह ब्याज पर रुपये देने और प्लाटिंग के काम से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि क्षेत्र में उसका प्रभाव ऐसा था कि लोग उसके खिलाफ खुलकर बोलने से भी बचते थे। परिजनों का आरोप है कि पप्पू अपने निजी लोगों को जुटाकर विवादों में दबाव बनाता था। यह भी आरोप लगाया गया कि रुपये और प्रभाव के बल पर वह कई मामलों को अपने पक्ष में निपटाने का प्रयास करता था। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है।
मुकदमे दर्ज होने के बाद भी नहीं कसा शिकंजा
आकाश की हत्या के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे तो उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पुलिस ने सख्ती दिखाई होती और तो शायद इतनी बड़ी घटना को टाला जा सकता था। मोहल्ले के लोगों में यह चर्चा भी है कि आरोपी की दबंगई के बावजूद उस पर प्रभावी निगरानी नहीं रखी गई।
हत्या में 11 नामजद समेत 21 पर है मुकदमा
आकाश की पत्नी रूबी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 11 नामजद समेत कुल 21 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई हैं। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन कई आरोपी अपने घरों में ताला लगाकर फरार मिले। पुलिस उनके रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। घटना में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों को जांच का आधार बना रही है।
परिवार में मातम, मोहल्ले में दहशत
आकाश की गैर इरातन हत्या से पत्नी रूबी और बच्चों सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं वारदात के बाद मोहल्ले के लोगों में भी दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि मामूली विवादों में इस तरह हिंसा होना चिंता का विषय है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि आरोपी पप्पू शुक्ला पर पुलिस रिकॉर्ड में आधा दर्जन मुकदमें है। हत्या में नामजद आरोपितों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस की टीम लगी है。


