पत्नी की हत्या में 17 साल बाद जेल से लौटा और महिला को पीटकर मार डाला
इटावा में, पत्नी की हत्या के आरोप में 17 साल जेल में बिताने के बाद लौटे नंद किशोर ने भू विवाद के कारण एक महिला की हत्या कर दी। वह अपने साथियों के साथ घर में घुसकर जानलेवा हमला किया। पीड़िता को अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई, पुलिस ने आरोपियों खिलाफ मामला दर्ज किया है।

इटावा। पत्नी की हत्या में 17 साल की सजा काट लौटे व्यक्ति ने परिजनों और साथियों संग मिल एक महिला को पीट-पीटकर मार डाला। यह सनसनीखेज वारदात भू विवाद के चलते अंजाम दी गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इकदिल थाना क्षेत्र के हिरणपुर गांव के रहने वाले कुंजीलाल के बेटे अंशू ने बताया कि उसके पिता ने वर्ष 2009 में नंद किशोर से डेढ़ बीघा जमीन का सौदा किया था। सौदे की कुल रकम 80 में से 50 हजार देकर एग्रीमेंट कराया। एग्रीमेंट के तीन महीने बाद ही नंद किशोर अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में जेल चला गया।
इसके बाद उसको उम्रकैद हो गई। इस बीच पिता ने जमीन पर एग्रीमेंट के तहत मकान बना लिया और वे लोग रहने लगे। 17 साल बाद 26 मई को नंद किशोर जेल से छूटकर आया। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर को नंद किशोर अपने बेटे, भाई भूपेंद्र, भूरे उर्फ शेरा, राहुल, बहन तथा टाइगर उर्फ अभिषेक उर्फ डल्लू सिंह और अन्य दो लोगों के साथ जेसीबी, डंडे और फावड़े लेकर पहुंचा और गेट तोड़कर अंदर घुस गया। विरोध करने पर आरोपितों ने 41 वर्षीय मां रानी देवी और पिता कुंजीलाल से मारपीट शुरू कर दी। मरणासन्न की हालत में छोड़कर हमलावर धमकी देकर चले गए। जानकारी पर परिवार व अन्य लोग पहुंचे और गंभीर हालत में मां को अस्पताल ले गए। वहां मां की मौत हो गई। बेटे की मांग पर शनिवार को पुलिस ने पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। साथ ही बेटे अंशू कुमार की तहरीर पर नंद किशोर, उसके बेटे, भाई भूपेंद्र, भूरे उर्फ शेरा, राहुल, नंद किशोर की बहन, टाइगर उर्फ अभिषेक उर्फ डल्लू सिंह समेत दो अज्ञात के खिलाफ हत्या, बलवा, मारपीट, घर में घुसकर हमला और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।


