मां को पीटकर किया जख्मी, बेटे पर प्राथमिकी दर्ज
नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा गांव में एक बेटे ने अपनी मां सुनीता देवी की बेरहमी से पिटाई की। सुनीता देवी ने अपने बेटे बमबम कुमार के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कराई है। वह आरोप लगाती हैं कि बमबम अक्सर मारपीट करता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

नावकोठी, निज संवाददाता। नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा गांव में एक बेटे द्वारा अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर जख्मी करने का मामला सामने आया है। घायल महिला की पहचान रामानुज सिंह की पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। पीड़िता ने थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र बमबम कुमार के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में सुनीता देवी ने आरोप लगाया है कि उनका पुत्र बमबम कुमार अक्सर मारपीट करता है और उसने अपनी पत्नी को भी प्रताड़ित कर घर से भगा दिया है। गुरुवार की शाम वह इसी बात को लेकर बेटे को समझा रही थीं।
इस दौरान वह गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने लाठी-डंडे से हमला कर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।


