रेलवे ट्रैक पर बवाल के 29 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बेटी के दहेज उत्पीड़न के मामले में उसके परिजनों पर ससुराल पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला किया। 24 सितंबर को हुई इस घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 29 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। वायरल वीडियो में रेलवे ट्रैक पर हंगामा देखा गया। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

बेटी के दहेज उत्पीड़न की शिकायत लेकर उसकी ससुराल पहुंचे परिजनों को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीटने के बाद रेलवे ट्रैक पर हंगामा करने के मामले में पुलिस ने 29 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना बीती 24 सितंबर की है। बवाल का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने हरकत ेमं आते हुए कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार जिले के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव अव्वलपुर निवासी सुमित कुमार की बहन बबीता की शादी गजरौला थाना क्षेत्र के गांव अहरौला तेजवन निवासी आनंद कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष बतौर दहेज पांच लाख रुपये व कार की मांग को लेकर बबीता को प्रताड़ित कर रहा था।
बीती 24 सितंबर को मायके पहुंची बबीता ने परिजनों को इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद पीड़िता का भाई सुमित अपने अन्य परिजनों के साथ बहन की ससुराल पहुंचा था। आरोप है कि वहां इस बावत शिकायत करने पर ससुराल पक्ष व गांव के ही निवासी कुछ लोगों ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद लाठी-डंडों, फावड़े के हत्थे व धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में गांव सुनपुरा निवासी कुंवरपाल व अव्वलपुर निवासी महेश गंभीर घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची यूपी 112 टीम ने बचाया था। वहीं बीते बुधवार को इससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें गांव के पास से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर विवाहिता के ससुराल वाले उसके मायके वालों को दौड़ाकर पीट रहे हैं। वीडियो वायरल होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर ने बताया कि मामले में विवाहिता बबीता व उसके पति आनंद समेत दोनों पक्षों के 29 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।


