भू विवाद में दो सगे भाइयों में मारपीट, पिता-पुत्र समेत तीन जख्मी
धरहरा के हेमजापुर थानाक्षेत्र के छर्रापट्टी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के परिवारों में मारपीट हुई। घटना में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से दो को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जाएगी।

धरहरा, एक संवाददाता। हेमजापुर थानाक्षेत्र के छर्रापट्टी गांव में सोमवार को जमीन विवाद को लेकर दो सहोदर भाइयों के परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में एक पक्ष के पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में उमेश यादव, उनके पुत्र दिव्यांशु कुमार और अमित कुमार हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरहरा लाया गया। उमेश यादव और दिव्यांशु कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल उमेश यादव की पत्नी कविता देवी ने बताया कि, चौरदीगर स्थित करीब ढाई कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर उनके देवर मृत्युंजय यादव, सास सरस्वती देवी, ससुर तनिक यादव, विभा देवी, भतीजा पीयूष कुमार एवं भतीजी श्वेता कुमारी ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को घायल कर दिया। इधर, हेमजापुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अरहर बीज का वितरण शुरू
धरहरा, एक संवाददाता। प्रखंड के किसानों के लिए अच्छी खबर है। धरहरा कृषि भवन में अरहर का बीज उपलब्ध हो गया है। कृषि विभाग द्वारा सोमवार से बीज का वितरण शुरू कर दिया गया है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि, विभाग के निर्देशानुसार अरहर बीज का मूल्य 80 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। इच्छुक किसान धरहरा कृषि भवन पहुंचकर अनुदानित दर पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि, बीज लेने के लिए किसान पंजीकरण साथ लेकर आएं, ताकि वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
छूटे हुए लाभुकों का बनेगा राशन कार्ड
बरियारपुर,निसं.। सोमवार को बरियारपुर प्रखंड परिसर स्थित अंबेडकर भवन में जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रभाष कुमार ने कहा कि, सभी विक्रेता अपने- अपने क्षेत्र के ऐसे लाभुक जो राशन का लाभ लेने लायक हैं और गरीबी रेखा से नीचे आते हैं का राशन कार्ड बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कराना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियो से अपील किया कि ऐसे छुटे सभी लाभुको का राशन कार्ड बनवाने में सहयोग करें। बैठक में गणेश भगत, सचिव विजय कुमार, भानु कुमार, रमण सिंह, यश राज, दिलीप दिवाना आदि मौजूद थे।
एनएच पर धूलकण उड़ने से लोग परेशान
बरियारपुर,निसं.। बरियारपुर में एनएच 80 पर वाहनों के परिचालन के कारण लोग परेशान हैं। ज्यादा वाहन के परिचालन से सड़क पर धूलकण उड़ने से लोगों को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। सबसे अधिक परेशानी सड़क किनारे दुकान चलाने वाले दुकानदारों को हो रही है। धूलकण के कारण आमलोगों को भी बाजार जाने में परेशानी हो रही है। सड़क किनारे रहने वाले लोगों के घरों में भी वाहनों का धूलकण उड़ कर चला जाता हैं। बरियारपुर बाजार के निवासी विपिन कुमार ने बताया कि, अधिक वाहन चलने से सड़क का धूलकण घरों के छतों तथा कमरे में चला आता है। जिससे बहुत परेशानी हो रही है।


