बृजेश श्रीवास्तव प्रांतीय संप्रेक्षक निर्वाचित
कुशीनगर में डीएम कार्यालय के बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रियल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ के प्रांतीय चुनाव में महत्वपूर्ण पद पर जीत दर्ज की है। उनकी सफलता को कर्मचारियों की निष्ठा और सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। राहुल कुमार चतुर्वेदी ने गोरखपुर मंडल अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की।

कुशीनगर। उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रियल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ के प्रांतीय चुनाव में डीएम कार्यालय कुशीनगर में कार्यरत बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रांतीय संप्रेक्षक के महत्वपूर्ण पद पर जीत दर्ज की है। उनकी जीत पर प्रदेशभर के कर्मचारियों ने हर्ष जताते हुए इसे संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कर्मठता और कर्मचारियों के अटूट विश्वास का परिणाम बताया है।कर्मचारी नेताओं ने कहा कि बृजेश कुमार श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में कर्मचारी हितों का संवर्धन होगा तथा संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। वहीं, इसी कार्यालय में कार्यरत राहुल कुमार चतुर्वेदी ने गोरखपुर मंडल अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। बृजेश कुमार श्रीवास्तव पिछली प्रदेश कार्यकारिणी में जोन प्रथम के जोनल अध्यक्ष रह चुके हैं।
जोन प्रथम में गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल शामिल हैं। उनके नेतृत्व में इस जोन में तीनों मंडलों के मंडल अध्यक्ष व मंत्री के छह पदों, जोनल प्रथम के अध्यक्ष व मंत्री के दो पदों, प्रांतीय कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रथम व द्वितीय के दो पदों, प्रांतीय संगठन मंत्री के एक पद और प्रांतीय संप्रेक्षक के एक पद सहित कुल 12 पदों पर जीत हासिल हुई है। जोन प्रथम में मिली इस सफलता से प्रांतीय कार्यकारिणी में बृजेश कुमार श्रीवास्तव का संगठनात्मक कद काफी बढ़ा है। जीत के बाद उन्होंने इसका श्रेय अपनी पूरी टीम को देते हुए कहा कि यह सफलता सभी साथियों के सामूहिक प्रयास और विश्वास का परिणाम है। प्रदेश के कर्मचारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव और राहुल कुमार चतुर्वेदी को बधाई देते हुए उनके सफल, उज्ज्वल एवं यशस्वी कार्यकाल की कामना की। इस दौरान राजकुमार गुप्ता, समी हैदर, जिलाध्यक्ष विनोद पासवान, राकेश गौतम, अमित कुमार यादव, संजय पांडेय, अभिषेक सिंह, मोइन अली, साकिर अली, देवेंद्र गुप्ता, सूरज यादव, बृजेश पाठक, अजय लाल कर्ण आदि मौजूद रहे।


