जाले:सांझी दर्शन महोत्सव आयोजित
जाले के रतनपुर स्थित श्री चैतन्य कुटी में 'सांझी दर्शन' का आयोजन किया गया। इस भव्य अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने सांझी कला की देखी और राधा-कृष्ण भक्ति का अनुभव किया। जगतगुरु राधा बल्लभ दासजी ने सांझी को ब्रज संस्कृति की आत्मा बताया, जबकि उद्धव दासजी ने लोक कलाओं के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

विजय कुमार ठाकुर,जाले। प्रखंड के रतनपुर स्थित श्री चैतन्य कुटी में इन दिनों ब्रज की प्राचीन लोक कला और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। जगतगुरु राधा बल्लभ दासजी महाराज की अध्यक्षता और उनके अनन्य शिष्य, युवा संत एवं कथावाचक उद्धव दासजी महाराज के संचालन में भव्य 'सांझी दर्शन' का आयोजन किया गया। इस विशेष अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सांझी कला से युक्त 'युगल सरकार' के दर्शन किए और भक्ति रस में सराबोर हुए। 'सांझी' को लेकर ऐसी मान्यता है कि द्वापर युग में श्रीराधा रानी और गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण को रिझाने के लिए संध्या काल में वन से फूल और प्राकृतिक रंग लाकर आंगन और दीवारों पर स्वास्तिक, मोर, कमल और कृष्ण लीलाओं की मनोहारी आकृतियां बनाई थीं।
फूलों की पंखुड़ियों और रंगों से बनने वाली यही कला आज 'फूलों की सांझी' के रूप में प्रसिद्ध है। यह केवल कला नहीं, बल्कि राधा-कृष्ण के प्रति प्रेम और समर्पण का साक्षात अनुभव है। श्रीचैतन्य कुटी परिसर में कलाकारों और भक्तों द्वारा फूलों से बेहद सुंदर सांझी सजाई गई। शाम ढलते ही जब दीप प्रज्ज्वलित कर सांझी का दर्शन और पूजन किया गया, तो पूरा वातावरण ब्रजमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने इसे राधा-कृष्ण भक्ति का जीवंत दर्शन बताया। इस अवसर पर जगतगुरु श्रीराधा बल्लभ दासजी महाराज ने कहा कि सांझी ब्रज संस्कृति की आत्मा है, जो हमें सिखाती है कि भक्ति में सजावट बाहरी नहीं, हृदय की सुंदरता होनी चाहिए। युवा संत श्रीउद्धव दास जी महाराज ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हमारी लोक कलाएं विलुप्त हो रही हैं। सांझी दर्शन के माध्यम से हम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। आयोजन में रतनपुर सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। अंत में प्रसाद का वितरण किया गया।


