दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
बस्ती में एक विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि ससुरालियों ने मारपीट कर जेवरात छीन लिए और जलाने की धमकी दी। पीड़िता के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी पति और परिवार के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

बस्ती, निज संवाददाता। दहेज के लिए विवाहिता को ससुराल में प्रताड़ित कर घर से निकालने की घटना सामने आई है। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों ने मारपीट की और सभी जेवरात व अन्य सामान छीन लिया। साथ ही जलाकर मार डालने की धमकी देते हुए घर से बाहर निकाल दिया। प्रकरण में पीड़िता के पिता ने पैकोलिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पैकोलिया पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता ने तहरीर देकर बताया है कि उन्होंने अपनी बेटी का निकाह कप्तानगंज थानाक्षेत्र के मदनपुरा निवासी आफताब आलम के साथ गत 19 फरवरी 2025 को मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही विपक्षियों ने दहेज की बात को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया। गत छह जुलाई को उनकी लड़की को ससुराली दिन में करीब दो बजे मारपीट कर उसके शरीर पर जो जेवर पहनी थी, उसे निकलवा लिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए कहते हैं कि जलाकर मार देंगे। उसके पास जो जेवर व कपड़ा आदि सामान सब छीन लिया। मारपीट कर अपशब्द कहते हुए घर से बाहर निकाल दिया। बेटी से कहे कि अपने पिता को बुलाकर चली जाओ और दोबारा आना तो दहेज लेकर ही आना। पैकोलिया पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पति आफताब आलम के अलावा मो. इदरीश, अफसाना, गुलशन, साफिया, अंजुम, कुलसुम समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच एसआई सत्येन्द्र कुमार को सौंपी गई है।


