विवाहिता की हत्या में देवर आरोपी समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर मुकदमा दर्ज
कांधला, संवाददाताखेल में विवाहिता गुलिस्ता उर्फ गुल्लो की धारदार हथियार से हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर

थाना क्षेत्र के मोहल्ला खेल में विवाहिता गुलिस्ता उर्फ गुल्लो की धारदार हथियार से हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मुख्यारोपी देवर समेत पति व छह लोगों पर खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। कैराना निवासी शेरदीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री गुलिस्ता उर्फ गुल्लो की शादी करीब छह वर्ष पूर्व मोहल्ला खेल निवासी उमर के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हैं। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करते हुए गुलिस्ता का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते थे।
मृतका ने कई बार मायके पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी थी। 18 अगस्त को उमर गुलिस्ता को लेने मायके आया था। आरोप है कि उसने पांच लाख रुपये नहीं देने पर गुलिस्ता की हत्या करने की धमकी दी थी। बीते शुक्रवार को शेरदीन परिजनों के साथ पुत्री से मिलने उसके घर पहुंचा। वहां चीख-पुकार सुनाई दी। घर के अंदर गुलिस्ता गंभीर हालत में मिली। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि उसके देवर आसिफ ने धारदार हथियार से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी देवर आसिफ, पति उमर, सास शमीम बानो, ससुर महमूद, चचिया ससुर यासीन समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


