शादी के बाद बढ़ा दी दहेज की रकम, पति समेत चार पर केस
एक विवाहिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद ससुरालियों ने दहेज की रकम बढ़ा दी और मांग पूरी न होने पर शारीरिक तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है, और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

बस्ती, निज संवाददाता। शादी होने के बाद ही दहेज की रकम बढ़ा कर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुरालियों ने शादी के बाद ससुराल आने पर नकदी समेत अन्य सामानों की मांग की। अनुचित डिमांड पूरी नहीं कर पाने पर उनके साथ मारपीट कर सारा स्त्रीधन छीन लिया गया। साथ ही उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। थाना प्रभारी राणा डीपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वर्तमान में अपने मायके छावनी थानाक्षेत्र में रह रही विवाहिता ने तहरीर देकर बताया है कि उनकी शादी बर्डपुर थाना कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर निवासी सर्वेश जायसवाल के साथ 29 नवंबर 2025 को हुई।
आरोप है कि विवाह तय होने पर उनके पति व ससुरालियों ने दहेज में दस लाख रुपये की मांग की। दस लाख रुपये बैंकिंग के माध्यम से दिया गया। विवाह संपन्न होने के बाद उनके पति व ससुरालियों ने 30 हजार नकद, चेन, अंगूठी के साथ इलेक्ट्रानिक सामान के लिए 46 हजार रुपये की मांग की गई। अनुचित मांग पूरा नहीं होने पर उन्हें शारीरिक व मानसिक स्तर पर अपमानित और प्रताड़ित किया गया। 12 दिसंबर 2025 को विपक्षियों ने उन्हें अपशब्द कहते हुए थप्पड़ व घूसों से मारापीटा। साथ ही उनका सभी स्त्रीधन छीन लिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर धमकी भरे मैसेज भेजकर मानसिक रूप से परेशान किया गया। थाना प्रभारी ने तबाया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति सर्वेश, ससुर रामविलास, सास इन्दू देवी और देवर रत्नेश के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच एसआई शोभा यादव को सौंपी गई है।


