दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित कर दिया तीन तलाक, मुकदमा
दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता मैनाज को उसके पति दिलशेर और ससुराल वालों ने प्रताड़ित किया। पति ने तीन बार तलाक बोलकर मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उसकी चार बेटियां भी उसके साथ हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और पति द्वारा तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव तालिबपुर निवासी मैनाज ने बताया कि उसकी शादी मल्लीवाला, थाना कांठ, मुरादाबाद निवासी दिलशेर पुत्र कुरबान शाह से हुई थी। आरोप है कि कम दहेज को लेकर पति दिलशेर, सास हसीना और देवर गुलफाम, शारिक व अरमान उसका उत्पीड़न करते थे और दो लाख रुपये की मांग करते थे।
विवाहिता ने देवर अरमान पर छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया है। तहरीर के अनुसार, 18 सितंबर को पति उसे मायके लेकर आया और दो लाख रुपये की मांग की। रकम देने में असमर्थता जताने पर पति ने परिजनों के सामने तीन बार तलाक बोल दिया और जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पीड़िता की चार पुत्रियां हैं, जो उसके साथ मायके में रह रही हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

