दहेज की खातिर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
रामपुर में विवाहिता हुमां खान के साथ दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट की गई और उसे छह माह की बेटी सहित घर से बाहर निकाल दिया गया। पति मुराद खान और अन्य परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रामपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे छह माह की मासूम बेटी सहित घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस क्षेत्र की रहने वाली हुमां खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 29 दिसंबर 2024 को बरेली गेट के मुराद खां से हुआ था। आरोप है कि शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च करने और पर्याप्त दहेज देने के बावजूद पति और ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं थे।
पीड़िता का आरोप है कि पति के विदेश चले जाने के बाद जेठ, जेठानी, सास और अन्य परिजनों ने भी उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। 29 अप्रैल को ससुराल पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर उसके साथ मारपीट की और छह माह की बेटी समेत उसे घर से बाहर निकाल दिया। सिविल लाइंस पुलिस ने पति मुराद खान, सास नजमा, जेठ मुजीब खान, जेठानी आशी, भांजा फरमान, ननद सलमा तथा अन्य दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी अनुराग सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है


