दहेज के लिए विवाहित को पीटा, बच्चों के साथ घर से निकाला
सलावा गांव की विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शादी के बाद से पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांग की थी। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को बच्चों सहित घर से बाहर छोड़ दिया गया। पिता ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

सलावा गांव निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मारपीट और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को उसके दो बच्चों के साथ घर से निकालकर सलावा के बाजार में छोड़ दिया। पीड़िता के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है। सलावा निवासी शीशपाल ने बताया कि करीब 10 वर्ष पूर्व उसने अपनी बेटी प्रियंका की शादी मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के मेघा खेड़ी निवासी अशोक के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अशोक, देवर राहुल, ससुर प्रिमल उर्फ पीरू और सास कुसुम दहेज में कम सामान लाने का ताना देकर प्रियंका का उत्पीड़न करने लगे।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अपाचे बाइक और एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। आरोप है कि बीती पांच सितंबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने प्रियंका के साथ मारपीट की और दोनों बच्चों समेत उसे सलावा के बाजार में छोड़क फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित अन्य ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और जांच में जुट गई।


