दहेज में कार के लिए विवाहिता को घर से निकाला
गौरीगंज में एक विवाहिता को दहेज में कार मांगने पर ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पति और ससुर-सास समेत छह लोगों पर दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गौरीगंज। संवाददाता दहेज में कार की मांग को लेकर ससुरालीजनों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति, सास, ससुर सहित छह लोगों पर दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्जकर जांच शुरू की है।कोतवाली क्षेत्र के शुकुलपुर मजरे भवनशाहपुर निवासी नीलम पुत्री दुखछोर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मजरे भदौरा निवासी दिनेश पुत्र रामबरन के साथ हुई थी। उसका पांच साल का एक बेटा भी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति, ससुर, सास इन्द्रावती, ननदें अंकिता, मालती व शुभावती कम दहेज को लेकर ताना मारते और प्रताड़ित करते थे।
दहेज के रूप में उससे कार दिलाने के लिए कहा जाता था। जबकि उसके पिता ने शादी में बाइक व अन्य सामान दिया था। आरोप है कि दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर बीते 21 जून को उसके सारे गहने व कपड़े छीन कर ससुरालियों ने उसे घर से भगा दिया। इस घटना से वह अत्यंत पीड़ित है। एसएचओ रवि कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर जांच की जा रही है।


