साझा कहानियां, साझा भविष्य थीम के साथ ब्रिक्स रंगमंच महोत्सव शुरू
-नौ ब्रिक्स सदस्य एवं साझेदार देशों की विविध रंगमंचीय परंपराओं का संगम बनेगा महोत्सव साझा कहानियां, साझा भविष्य थीम के साथ ब्रिक्स रंगमंच महोत्सव शुरू

साझा कहानियां, साझा भविष्य’ विषय पर आधारित ब्रिक्स रंगमंच महोत्सव 2026 का सोमवार को एनएसडी परिसर में शुभारंभ हुआ। यह महोत्सव 14 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें सहभागी देशों के 500 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे।
महोत्सव में नौ देश ले रहे हैं भाग
संस्थान का कहना है कि नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल समापन के बाद यह महोत्सव भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत एक अन्य महत्वपूर्ण सांस्कृतिक सहभागिता का प्रतीक है। इसमें भारत, थाईलैंड, इंडोनेशिया, रूस, ईरान, वियतनाम, दक्षिण अफ्रीका, कज़ाखस्तान और इथियोपिया भाग ले रहे हैं। यह महोत्सव रंगमंच की साझा भाषा के माध्यम से कलात्मक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान करता है।
संस्कृति से बनते हैं राजनीतिक सीमाओं से परे संबंध
उद्घाटन समारोह में भारत सरकार के केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण समय में एकत्र हुए हैं। ऐसे समय में, जब विभिन्न देश परस्पर प्रतिस्पर्धी हितों के बीच संतुलन स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, आपसी समझ और रचनात्मक संवाद के अवसर पहले से कहीं अधिक मूल्यवान हो गए हैं। कूटनीति देशों को बातचीत और समझौते का अवसर देती है तथा आर्थिक सहयोग उन्हें समृद्ध होने में मदद करता है, वहीं संस्कृति समाजों को एक-दूसरे को समझने में सक्षम बनाती है। यह राजनीतिक सीमाओं से परे संबंध स्थापित करती है। हमारे इतिहास, भाषाएं और परंपराएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन यही विश्वास ब्रिक्स रंगमंच महोत्सव को केवल प्रदर्शन कलाओं तक सीमित न रखते हुए उससे कहीं अधिक व्यापक महत्व प्रदान करता है।
दिल्ली के विभिन्न स्थलों पर होंगी प्रस्तुतियां
महोत्सव की प्रस्तुतियां नई दिल्ली के विभिन्न स्थलों पर आयोजित की जाएंगी। इनमें राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के अभिमंच एवं सम्मुख सभागार, कमानी सभागार, एलटीजी सभागार और मेघदूत थिएटर शामिल हैं। प्रस्तुतियों के टिकट बुकमायशो के माध्यम से 200 प्रति टिकट की दर से उपलब्ध होंगे। इससे दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय रंगमंचीय प्रस्तुतियों और प्रदर्शन कलाओं का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

