ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान ‘भारत इनोवेट्स’ प्रदर्शनी में दिखी देश की नवाचार क्षमता
ब्रिक्स नेताओं ने 'भारत इनोवेट्स' प्रदर्शनी का दौरा किया, जिसमें भारत के 37 डीप-टेक स्टार्टअप की क्षमताओं को प्रदर्शित किया गया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि यह प्रदर्शनी नवाचार को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए आयोजित की गई है। प्रदर्शनी में शामिल स्टार्टअप को नए अवसर मिलेंगे।

नई दिल्ली। ब्रिक्स नेताओं ने शनिवार को भारत मंडपम् में ‘भारत इनोवेट्स’ प्रदर्शनी का दौरा किया। प्रदर्शनी में नवाचार, आधुनिक प्रौद्योगिकी और उद्यमिता के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं को दिखाया गया। ब्रिक्स नेताओं ने प्रदर्शनी में शामिल भारत के 37 डीप-टेक स्टार्टअप को सराहा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि ‘भारत इनोवेट्स’ केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का एक प्रमुख कार्यक्रम है। इसे भारतीय उच्च शिक्षा इकोसिस्टम से निकलने वाले नवाचार को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए डिजाइन किया गया है। जोशी ने कहा कि प्रदर्शनी में शामिल स्टार्टअप को ब्रिक्स सदस्य देशों के सीईओ, निवेशकों से बातचीत और नेटवर्क बनाने का अवसर मिला।
यह उनके लिए तकनीकी साझेदारियों, निवेश, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच के रास्ते खोलेगा।प्रदर्शनी में शामिल प्रमुख तकनीकों में जल निकायों के लिए एडवांस्ड फ्लोटिंग सोलर पीवी प्लेटफॉर्म, अहम इंफ्रास्ट्रक्चर की जांच के लिए फुल-स्टैक मरीन रोबोटिक प्लेटफॉर्म, रेयर अर्थ-फ्री ई-पावरट्रेन, 60 सेकंड से भी कम समय में जोखिम का आकलन करने वाली एआई-इनेबल्ड सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग और एआई-इनेबल्ड फीटल मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म प्रमुख रहे। बता दें कि ‘भारत इनोवेट्स’ की यह दूसरी बड़ी प्रदर्शनी रही। इससे पहले फ्रांस के नीस में 14 से 16 जून 2026 तक प्रदर्शनी का पहला संस्करण आयोजित किया गया था।


