प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिक्स नेताओं ने स्मारक डाक टिकट जारी किए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शनिवार को ब्रिक्स के 20 साल पूरे होने पर दो स्मारक डाक टिकट जारी किए। ये टिकट भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता और संगठन की मजबूती का प्रतीक हैं। टिकटों पर 'ब्रिक्स : सहयोग के दो दशक, 2006-2026' लिखा है।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ब्रिक्स नेताओं ने शनिवार को दो स्मारक डाक टिकट जारी किए। ब्रिक्स के 20 साल पूरे होने पर ये डाक टिकट भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता और संगठन की मजबूती के प्रतीक के तौर पर जारी किए गए हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, दोनों डाक टिकटों पर ब्रिक्स 2026 सम्मेलन का लोगो बनाया गया है। इन पर अंग्रेजी में ‘ब्रिक्स : टू डिकेड्स ऑफ कोऑपरेशन, 2006–2026’ (ब्रिक्स: सहयोग के दो दशक, 2006-2026) लिखा गया है। दोनों टिकट भारत की 2026 की ब्रिक्स की अध्यक्षता की प्राथमिकताओं को भी दर्शाते हैं, जिसकी थीम है ‘सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण।’बयान
में कहा गया कि इन स्मारक डाक टिकटों के जरिये संवाद, सहयोग और साझेदारियों के महत्वपूर्ण मंच के तौर पर ब्रिक्स के विकास का उत्सव मनाया जा रहा है। पहला टिकट आपसी सम्मान, समझ और एकजुटता की भावना के मंच के तौर पर ब्रिक्स के उभरने को दर्शाता है। वहीं, दूसरा टिकट भारत की अध्यक्षता के ‘मानवता सबसे पहले’ और ‘जन केन्द्रित’ दृष्टिकोण को दर्शाता है।


