गोगी गैंग ने षड्यंत्र के तहत कराई अंकित बालियान की हत्या, दो शूटर ढेर

हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

- शामली में हरियाणवी गायक की हत्या के मामले में विदेश तक छानबीन -

गोगी गैंग ने षड्यंत्र के तहत कराई अंकित बालियान की हत्या, दो शूटर ढेर

- बोले, यूपी में आकर अपराध करने वाले अपराधी किसी भ्रम में न रहें

हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या

- दो शूटरों समेत दिल्ली-एनसीआर के कई अपराधियों की तलाश जारी

- 11 अधिकारियों की टीमों ने दिन-रात एक कर पांच दिन में खोली घटना

लखनऊ, विशेष संवाददाता

शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो शूटरों सोनीनत (हरियाणा) निवासी मोहित व सुमित को एसटीएफ व पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यूपी पुलिस ने पांच दिनों में सनसनीखेज हत्याकांड के शूटरों तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की।

डीजीपी की चेतावनी

डीजीपी राजीव कृष्ण के अनुसार गायक की हत्या दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात जितेन्द्र मान उर्फ गोगी गैंग के गुर्गों ने गहरी साजिश के तहत कराई थी। अब तक की जांच में वारदात की वजह मारे जा चुके गैंगस्टर गोगी पर बनाए गए गीत को लेकर जन्मी रंजिश सामने आई है। हालांकि कई बिंदुओं पर अभी पड़ताल जारी है। घटना में कुख्यात गैंगस्टर लारेंस विश्नोई का कनेक्शन भी नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने एसटीएफ-पुंलिस टीम को दो लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

डीजीपी ने सोमवार को बदमाशों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि यूपी में आकर अपराध करने वाले बदमाश किसी भ्रम में न रहें। दूरी से वे कानूनी कार्रवाई से कतई बच नहीं पाएंगे। हत्या के षड्यंत्र में शामिल यदि कोई अपराधी विदेश में भी है तो उसे इंटरपोल व अन्य एजेंसियों की मदद से देश में लाकर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीजीपी ने यह भी साफ किया कि वारदात से जुड़े कई अहम पहलू मुख्य साजिशकर्ताओं के पकड़े जाने पर ही सामने आएंगे। इस अवसर पर एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश भी मौजूद थे.

हत्या की घटना का विवरण

डीजीपी ने कहा कि 26 अगस्त की शाम लगभग 6:45 बजे हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान शामली के कोतवाली क्षेत्र में नालापटरी स्थित फिटनेस जिम से बाहर निकलते समय चार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अंकित के पिता सतवीर सिंह की तहरीर पर कोतवाली शामली में चार अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी कानून-व्यवस्था ने शामली पुलिस के सहयोग के लिए एसटीएफ की मेरठ और गौतमबुद्धनगर यूनिट को लगाया गया। मेरठ जोन के विभिन्न जनपदों के 11 तेजतर्रार पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई, जिसमें चार अपर पुलिस अधीक्षक और सात पुलिस उपाधीक्षक शामिल थे। चार आईपीएस अधिकारी भी शामिल थे। सोशल मीडिया पर राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया से जुड़े इंस्टाग्राम अकाउंट से अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी गोगी गैंग द्वारा लिए जाने की पोस्ट भी सामने आई थी। उस सोशल मीडिया पोस्ट की जांच विवेचना का हिस्सा है। पुलिस विवेचना में अभी कई अहम तथ्य सामने आएंगे.

गैंगस्टर अपराध और प्रतिशोध

डीजीपी ने बताया कि 24 सितंबर 2021 को रोहिणी कोर्ट में पेशी के दौरान टिल्लू गैंग के शूटरों ने जितेन्द्र मान उर्फ गोगी की हत्या कर दी गई थी। इसके भाई गोगी गैंग ने बदले की तैयारी शुरू की और करीब डेढ़ वर्ष बाद दो मई 2023 को तिहाड़ जेल में गोगी गैंग के सदस्य योगेश उर्फ टुंडा तथा उसके साथियों ने टिल्लू ताजपुरिया की हत्या कर दी गई थी। अब दोनों के कई गुर्गे उनके गैंग चला रहे हैं और उनके बीच दुश्मनी जारी है.

प्रौद्योगिकी और पुलिस की कार्रवाई

टेक्निकल इंटेलीजेंस से लेकर पुलिस का मुखबिर तंत्र हुआ सक्रिय

डीजीपी ने बताया कि घटना के अनावरण के लिए ह्यूमन इंटेलीजेंस के आधार पर लगातार साक्ष्य संकलित किए गए। सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल गतिविधियों, अभियुक्तों के मूवमेंट, ठहरने के स्थान, हत्या के लिए शूटरों को किए गए भुगतान और आपसी संपर्क से संबंधित तथ्यों की कड़ियों को जोड़ा गया। घटना में शामिल बदमाशों की पहचान की गई। इसी कड़ी में मोहित और सुमित की पहचान घटना में शामिल शार्प शूटरों के रूप में हुई।

मुठभेड़ की स्थिति

पुलिस ने दोनों शूटरों को जब शामली में घेरा तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का जिला संयुक्त चिकित्सालय, शामली में उपचार चल रहा है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश मारे गए। दोनों शूटरों के पास से तीन फैक्ट्री मेड पिस्टल व कारसूत बरामद हुए। एसपी शामली एनपी सिंह के नेतृत्व में एएसपी शामली सुमित शुक्ला, सीओ सिटी जितेन्द्र सिंह, थाना कोतवाली शामली, थाना झिंझाना व स्वाट टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस की गोली लगने से घायल मोहित व सुमित को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय, शामली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

शूटरों की योजना और रेकी

बदमाशों ने की थी रेकी

विवेचना में सामने आया कि बदमाशों ने अंकित के मूवमेंट की रेकी की थी। इसी आधार पर 26 अगस्त को अंकित के जिम से निकलकर अपनी गाड़ी में बैग रखते समय उन पर फायरिंग की गई। घटना के बाद सभी शूटर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। साक्ष्यों के आधार पर घटना के पीछे रेकी, तकनीकी संसाधनों, हथियारों की व्यवस्था, शूटरों का मोबिलाइजेशन तथा घटना के बाद फरार होने की योजना से सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र के संकेत मिले हैं। गैंग के बारे में गहन विवेचना जारी है.

गायकी का प्रतिशोध

गाना बना रंजिश की वजह

पुलिस के मुताबिक, अंकित बालियान ने एक गीत ....भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान.... किया था, जिसे यू-ट्यूब पर 5.4 करोड़ व्यूज मिले थे। अंकित बालियान ने यह गीत राहुल पुड्डी से 55,000 रुपये में खरीदा था तथा वत्स कंपनी को 1,50,000 रुपये में बेच दिया था। गोगी गैंग ने उस गीत को जितेन्द्र मान उर्फ गोगी की हत्या के घटनाक्रम से जोड़कर अपने अपमान के रूप में लिया था। इसी गीत को लेकर वर्ष 2022-2023 में अंकित बालियान को धमकी दी गई थी। धमकी के बाद अंकित बालियान ने गोगी गैंग को सफाई दी थी कि गीत में उसके द्वारा केवल अभिनय किया गया है। गीत व धुन उसकी नहीं है। इसके बावजूद गोगी गैंग ने अंकित बालियान पर उस गीत को विरोधी टिल्लू ताजपुरिया से मिलकर रिलीज करने का आरोप लगाया गया था। अंकित बालियान ने इस धमकी के बारे में अपने परिजनों अथवा शामली पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी.

डीजीपी का सख्त संदेश

यूपी की भूमि नहीं बनेगी किसी गैंग की शरणस्थली : डीजीपी

डीजीपी ने कहा कि आपराधिक घटनाओं और साजिशों के खिलाफ यूपी पुलिस की कठोर वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। हत्या में शामिल हर आरोपी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश की सीमा से बाहर बैठकर या जेलों व विदेशों से साजिश रचने वाले और शूटर भेजने वाले अपराधी किसी भी गलतफहमी में न रहें। यूपी की भूमि को किसी भी गैंग की रंजिश या शरणस्थली नहीं बनने दिया जाएगा। बेहतर अंतर्राज्यीय समन्वय और सहयोग से इस घटना का अल्प समय में सफल अनावरण किया गया है। दिल्ली व हरियाणा पुलिस ने भी पूरा सहयोग किया। कानून के लंबे हाथ उन सभी अपराधियों तक जरूर पहुंचेंगे, जो जो कहीं भी छिपने की कोशिश कर रहे हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

अंकित बालियान की हत्या किस गैंग ने की?
अंकित बालियान की हत्या दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात जितेन्द्र मान उर्फ गोगी गैंग के गुर्गों ने कराई थी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsगोगी गैंग ने षड्यंत्र के तहत कराई अंकित बालियान की हत्या, दो शूटर ढेर