मरते-मरते छोटी बेटी को दूसरा जन्म दे गई बेबी
खोड़ा थानाक्षेत्र में एक मां ने अपने पति द्वारा किए गए बेरहमी के हमले के बावजूद अपनी बेटी की जान बचाई। राजा अंसारी ने पत्नी बेबी पर हमला किया, लेकिन बेबी ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी बेटी जोया को सुरक्षा प्रदान की। पुलिस घटना की जानकारी पर ग्रामीणों की आंखों में आंसू आ गए।

ट्रांस हिंडन, आयुष गंगवार। खोड़ा थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात राजा अंसारी ने जिस बेरहमी से पत्नी व बेटियों पर हमला किया, उसको देख सभी लोग हैरान थे। मगर राजा के अचूक हमलों के बाद भी बेबी अंतिम सांस तक उसका मुकाबला करती रही। मरते हुए भी वह अपनी छोटी बेटी को दूसरा जन्म दे गई। राजा ने जब जोया पर भी हमला किया तो लहूलुहान बेबी ने उसका पैर पकड़ लिया। पहला वार जोया को लगा, लेकिन इसके बाद वह भाग गई। मरणासन्न हालत में भी बेबी दोनों हाथों से उसके पैर पकड़े रही और राजा चाहकर भी नहीं छूट पाया।
इस बीच जोया को दरवाजा खोलने का समय मिला और दरवाजा खोलते ही सामने तैय्यब और रफीक मिले, जिनके पीछे छिपकर उसने अपनी जान बचाई। पुलिस के पहुंचने पर जोया ने जब दर्दनाक घटना के बारे में बताया तो घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भी आंखे छलक आईं। महिलाओं का कहना था कि मां तो मां ही होती है। खुद मर गई, लेकिन अपनी हिम्मत से एक बेटी का जीवन बचा गई।


