जाबांज पायलट के लिए विश्वनाथ धाम में अनुष्ठान
हिन्दुस्तान, वाराणसी
वाराणसी में कैप्टन स्मित मच्छार के शीध्र स्वास्थ्य लाभ के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर में अनुष्ठान किया गया। बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना के बाद नमो घाट पर गंगा आरती आयोजित की गई। 11 शास्त्रियों ने रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया।

वाराणसी। अपनी जान पर खेलकर विमान को क्रैश होने से बचाने वाले जांबाज भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीध्र स्वास्थ्य लाभ की कामना से गुरुवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में अनुष्ठान किया गया। बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना के उपरांत सायंकाल नमो घाट पर गंगा आरती भी उनके निमित्त की गई। इससे पूर्व विश्वनाथ धाम में 11 शास्त्रियों ने कुशा-जल से रुद्राभिषेक किया। वहीं 11 शास्त्रियों ने महामृत्युंजय मंत्र का एक लाख बार जप किया।

