राम मंदिर चंदे पर सवाल उठाने वालों पर बरसे ब्रजेश पाठक, बोले- धन्नीपुर मस्जिद के चंदे का हिसाब कौन देगा?

हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

राम मंदिर चंदे के मुद्दे पर सपा-कांग्रेस को घेरा, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने धन्नीपुर मस्जिद फंड पर भी उठाए सवाल।

राम मंदिर चंदे पर सवाल उठाने वालों पर बरसे ब्रजेश पाठक, बोले- धन्नीपुर मस्जिद के चंदे का हिसाब कौन देगा?

बाराबंकी, संवाददाता। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को बाराबंकी में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राम मंदिर चंदे पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का करारा जवाब देते हुए उन्होंने पलटवार किया कि धन्नीपुर में मस्जिद के लिए आवंटित जमीन पर भी चंदा इकट्ठा हुआ था, उसका क्या हुआ- इस पर सपा और कांग्रेस ने एक लाइन तक नहीं पूछी। डिप्टी सीएम ने कहा कि पूरे देश और प्रदेश में मदरसे चल रहे हैं, लेकिन उनमें फंडिंग कहां से आ रही है, इस पर विपक्ष ने कभी प्रश्नवाचक चिन्ह नहीं लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मदरसों में हो रहे गलत और अवैध कृत्यों की खबरें अक्सर अखबारों में आती हैं, फिर भी ये दल चुप्पी साधे रहते हैं।

उन्होंने कहा कि यह केवल तुष्टीकरण की पॉलिटिक्स और वोट की राजनीति है।

पौधरोपण कार्यक्रम

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक रविवार को जिला अस्पताल परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपनी मां स्व.कमला पाठक के नाम नीम का पौधा रोपा और सेल्फी भी ली। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में सुबह सात बजे से देर शाम तक 35 करोड़ पौधे लगाकर कीर्तिमान रचा जा रहा है, इसमें सभी सहयोग करें। अपनी मां के नाम पौधा लगाएं- उसकी छांव मां के आंचल जैसी और फल मां के हाथ के भोजन जैसा होगा।

सपा-कांग्रेस नेताओं पर हमला

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बाराबंकी आगमन पर सपा-कांग्रेस नेताओं द्वारा स्वागत किए जाने के सवाल पर उन्होंने विपक्षी नेताओं को 'बहरूपिया' करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर इन्हें सनातन की इतनी ही चिंता है, तो पूछिए कि जब अयोध्या में राम मंदिर बन रहा था, तब इन लोगों ने गोली चलाने से लेकर कोर्ट में यह प्रमाणपत्र तक दे दिया था कि भगवान राम यहां पैदा ही नहीं हुए थे। उन्होंने कहा कि इनका सनातन धर्म से कोई मतलब नहीं है।

वोट मांगने की राजनीति

अखिलेश यादव के पीडीए की परिभाषा बदलने संबंधी सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि जाति पर कब तक वोट मांगोगे, यह केवल मुस्लिम तुष्टीकरण है। उन्होंने कहा कि मौलानाओं के नाम पर वोट मांगकर उनसे दरी बिछवाते हो, जिस दिन मुस्लिम समाज ने अपना नेता चुन लिया, उस दिन समाजवादी पार्टी को प्रधानी के भी लाले पड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के आधार पर जन-जन को जोड़कर मोदी जी की गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

सामान्य प्रश्न

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किस दलों पर निशाना साधा?
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।