नशा मुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से 10 करोड़ लोगों को नशा मुक्त करने के लिए एक अभियान चलाया जा रहा है। चंदवा में विद्यालयों के दौरे के दौरान नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

चंदवा प्रतिनिधि। प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति में देशभर में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 10 करोड़ लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में बुधवार को ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय की चंदवा शाखा की बहन बीके गुड़िया और भाई चंद्र सिंह ने विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। टीम ने परियोजना प्लस टू उच्च विद्यालय सासंग, प्लस टू उच्च विद्यालय चंदवा, ख्रीस्त राजा उच्च विद्यालय चंदवा सहित कई विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों से अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि भारत में हर वर्ष लाखों लोग नशे के कारण असमय मौत का शिकार होते हैं। मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

