बीआरएबीयू: स्नातक में दाखिले को छह से फिर खुलेगा पोर्टल
बीआरएबीयू में स्नातक में नामांकन के लिए 6 से 8 अक्टूबर तक फिर से पोर्टल खोला जाएगा। 9 अक्टूबर को मेरिट लिस्ट जारी होगी और 10 से 12 अक्टूबर तक नामांकन लिए जाएंगे। अब तक 1 लाख 39 हजार छात्रों का नामांकन हो चुका है, लेकिन 25 हजार छात्र नामांकन से वंचित रह गए।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बीआरएबीयू में स्नातक में नामांकन के लिए 6 से 8 अक्टूबर तक फिर से पोर्टल खोला जाएगा। लोकभवन के निर्देश के बाद विवि प्रशासन ने यह फैसला लिया है। डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने बताया 9 अक्टूबर को मेरिट लिस्ट जारी होगी और 10 से 12 अक्टूबर तक नामांकन लिए जाएंगे।
स्नातक में नामांकन की स्थिति
बीआरएबीयू में अब तक 1 लाख 39 हजार छात्रों का नामांकन हो चुका है। स्नातक में नामांकन के लिए छह मेरिट लिस्ट निकाली गई और उसके बाद स्पॉट राउंड हुआ। इसके बाद भी आवेदन करने वाले 25 हजार छात्र नामांकन से वंचित रह गए। कई छात्र नेताओं और कॉलेजों ने भी विवि प्रशासन से छात्रों के हित में नामांकन पोर्टल खोलने की मांग की थी। स्नातक सत्र 2026-30 में 3 लाख 95 हजार सीटों पर दाखिला लिया जाना है।
सीट बढ़ोतरी का निर्णय
बीआरएबीयू प्रशासन ने पिछले दिनों नामांकन समिति की बैठक कर अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में 20 प्रतिशत सीट बढ़ाने की अनुशंसा की थी। इसमें दो अंगीभूत कॉलेजों को छोड़कर ज्यादातर संबद्ध कॉलेज हैं। डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि नामांकन समिति की बैठक में जो अनुशंसा की गई है, उसे अमल में लाया जाएगा। दो दिन पहले राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में कम नामांकन होने पर लोकभवन के साथ बीआरएबीयू व अन्य विवि के डीएसडब्ल्यू और समर्थ पोर्टल के नोडल अफसर की बैठक हुई थी। इसमें फिर से नामांकन पोर्टल खोलने का निर्देश दिया गया। लोकभवन ने सभी विवि में नामांकन अपर्याप्त पाया था।
नामांकन की प्रक्रिया
स्नातक में नामांकन समर्थ पोर्टल से नहीं बल्कि यूएमआईएस से ही होगा। डीएसडब्ल्यू ने बताया कि इस बार यूएमआईएस से ही नामांकन लेंगे। हालांकि, यूएमआईएस से नामांकन का डाटा समर्थ पोर्टल को पिछले दिनों विवि प्रशासन ने भेज दिया था। अब तक 90 हजार विद्यार्थियों का डाटा समर्थ पोर्टल पर अपलोड हो चुका है।
चौथे सेमेस्टर की परीक्षा
बॉक्स::
स्नातक चौथे सेमेस्टर की परीक्षा आज से
- फार्म नहीं भर पाने से कई की छूटेगी परीक्षा
बीआरएबीयू में स्नातक चौथे सेमेस्टर सत्र 2024-28 की परीक्षा सोमवार से शुरू होगी। परीक्षा के लिए 54 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में करीब एक लाख छात्र शामिल हो रहे हैं। परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले रविवार को भी परीक्षा केंद्र बदले गए।
पश्चिम चंपारण में बने एक केंद्र को बदला गया। पहले से तैयार केंद्र के पास बाढ़ का पानी आने से केंद्र को बदला गया। उधर, स्नातक चौथे सेमेस्टर की परीक्षा से कई छात्र वंचित हो गए। परीक्षा फार्म नहीं भर पाने से इन छात्रों की परीक्षा छूट गयी। वहीं, कई कॉलेजों से छात्रों के नाम अपडेट नहीं होने से भी उनके एडिमट कार्ड जारी नहीं हो सके।

