सेंट आरसी की टीम ने जवाहर नवोदय विद्यालय को हराकर जीती हॉकी प्रतियोगिता
शामली में मेजर ध्यानचंद की जयंती पर जिला खेल कार्यालय द्वारा हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल में, सेंट आरसी कॉन्वेंट स्कूल ने पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय को 3-2 से हराकर खिताब जीता। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। विजेताओं को पुरस्कार दिए गए।

शामली। मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय की ओर से सेंट आरसी कॉन्वेंट स्कूल के हॉकी ग्राउंड पर बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सेंट आरसी कॉन्वेंट स्कूल की टीम ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की टीम को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि चेयरमैन अरविंद संगल व उप क्रीडा अधिकारी अश्वनी त्यागी ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ध्यानचंद को विश्व के सर्वश्रेष्ठ हॉकी खिलाड़ियों में शामिल होने का गौरव प्राप्त है, जो देश के सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
इसके बाद फाइनल मुकाबला सेंट आरसी कॉन्वेंट स्कूल और पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय शामली की टीम के बीच हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में सेंट आरसी की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को स्कूल के उपप्रधानाचार्य रविंदर पाल मलिक ने खेल विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कबड्डी प्रशिक्षक संजू रानी, एथलेटिक्स प्रशिक्षक भूपेंद्र देव, कुश्ती प्रशिक्षक प्रशांत मलिक, विक्रांत राठी, स्कूल पीटीआई, हॉकी कोच रेनू, बाबूराम, शुभम, केशव आदि मौजूद रहे।


