एसएसबी अंतर बटालियन बैडमिंटन व टेबल टेनिस प्रतियोगिता संपन्न
अनगड़ा, प्रतिनिधि। 26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अंतर बटालियन बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बैडमिंटन में गया के उप महानिरीक्षक मानवेन्द्र और टेबल टेनिस में डॉ. गौरव सिसोदिया विजेता रहे।

अनगड़ा, प्रतिनिधि। 26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रांची की ओर से कमांडेंट आईपीएस शाश्वत कुमार के नेतृत्व में आयोजित तीन दिवसीय अंतर बटालियन बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। ऊषा मार्टिन विश्वविद्यालय परिसर में प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें विभिन्न वाहिनियों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बैडमिंटन के वेटेरन मेंस सिंगल फाइनल में गया के उप महानिरीक्षक मानवेन्द्र ने रांची के द्वितीय कमांडेंट सरदार सिंह चौहान को हराकर खिताब अपने नाम किया। मेंस सिंगल वर्ग में 16वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट नीरज कुमार ने 29वीं वाहिनी के कमांडेंट कुणाल को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं मेंस डबल वर्ग में 16वीं वाहिनी के द्वितीय कमांडेंट बांके बिहारी और सहायक कमांडेंट नीरज कुमार की जोड़ी विजेता रही। ओपन मेंस सिंगल और डबल दोनों वर्गों में 35वीं वाहिनी, चतरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों खिताब जीते।
टेबल टेनिस में भी खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा:
टेबल टेनिस सिंगल वर्ग में सहायक कमांडेंट डॉ. गौरव सिसोदिया ने 26वीं वाहिनी रांची के कमांडेंट आईपीएस शाश्वत कुमार को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। डबल वर्ग में शाश्वत कुमार और डॉ. गौरव सिसोदिया की जोड़ी ने उप कमांडेंट प्रवीण कुमार हासदे एवं सहायक कमांडेंट जय प्रकाश रंजन की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम किया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित:
समापन समारोह में मुख्य अतिथि गया के उप महानिरीक्षक मानवेन्द्र, विशिष्ट अतिथि ऊषा मार्टिन विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर समर वीर सिंह तथा कैंपस डायरेक्टर अनिल कुमार ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी तथा स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए खेल भावना को बढ़ावा देने पर बल दिया।
सामान्य प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


