काशी में पर्यटन विकास की अपार क्षमता : भुवनेश कुमार
केंद्रीय पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने कहा कि वाराणसी में वैश्विक पर्यटन केन्द्र बनने की अपार क्षमता है। उन्होंने बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और आतिथ्य सेवा में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यशाला में पर्यटन उद्यमियों को व्यावसायिक कार्यप्रणालियां अपनाने और सेवा मानकों में सुधार की सलाह दी गई।

वाराणसी, हिटी। केंद्रीय पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने कहा कि वाराणसी में वैश्विक पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित होने की अपार क्षमता है। यहां बड़ी संख्या में घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटक आते हैं। इसलिए यहां बुनियादी ढांचा, पर्यटक सुविधाओं की गुणवत्ता से लेकर आतिथ्य सेवा, डिजिटल सहभागिता, सुरक्षा पर समग्र काम करने की जरूरत है। केंद्रीय सचिव पर्यटन मंत्रालय की ओर से शनिवार को होटल क्लार्क्स में होम स्टे, बेड एंड ब्रेकफास्ट संचालकों तथा पर्यटन से जुड़े अन्य हितधारकों की कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जोर दिया कि इस प्रकार की क्षमता निर्माण संबंधी पहल पर्यटन उद्यमियों को अधिक व्यावसायिक कार्यप्रणालियां अपनाने, सेवा मानकों में सुधार, डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करने में मदद करेगी।कार्यशाला
में परिचालन प्रबंधन, अतिथि सत्कार, ग्राहक सेवा, स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों, ऑनलाइन समीक्षाओं के प्रबंधन, सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्रचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसमें मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, डीएम सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल भी मौजूद रहे।


