वाजे की जमानत के खिलाफ अपील पर फैसला सुरक्षित
बॉम्बे हाईकोर्ट ने एंटीलिया बम कांड और मनसुख हिरेन हत्या मामले में आरोपी बर्खास्त पुलिसकर्मी सचिन वाजे की जमानत पर एनआईए की चुनौती पर फैसला सुरक्षित रख लिया। अदालत ने पूछा कि जमानत मिलने पर क्या वाजे फिर से नौकरी में शामिल होंगे। उनके वकील ने कहा कि बर्खास्तगी के बाद उनकी सेवा में वापसी संभव नहीं है। हाईकोर्ट की अंतरिम रोक के कारण वाजे जेल में हैं।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को सवाल किया कि क्या 2021 के एंटीलिया बम कांड और व्यवसायी मनसुख हिरेन हत्याकांड के आरोपी, बर्खास्त पुलिसकर्मी सचिन वाजे को जमानत मिलने पर वह फिर से नौकरी में शामिल हो जाएंगे? न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति नीला गोखले की पीठ ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की उस अपील पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया, जिसमें पिछले महीने एक विशेष अदालत द्वारा वाजे को दी गई जमानत को चुनौती दी गई थी। जमानत मिलने के तुरंत बाद एनआईए ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था और इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। हाईकोर्ट ने अंतरिम रोक लगा दी थी, जिसके चलते वाजे अभी भी ठाणे सेंट्रल जेल में बंद हैं।हाईकोर्ट
ने एनआईए की ओर से शुक्रवार को पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह और वाजे के वकील वी. एम. थोराट की दलीलें सुनी। पीठ ने गौर किया कि 2020 में सेवा में बहाल होने से पहले, वाजे को हिरासत में हुई एक मौत के मामले में आरोपी होने के कारण 17 साल तक सस्पेंड रखा गया था। हाई कोर्ट ने पूछा कि अगर उन्हें जमानत मिल जाती है, तो क्या वह फिर से नौकरी में शामिल होंगे? इसके जवाब में थोराट ने कहा कि ऐसा संभव नहीं है, क्योंकि इन दो मामलों में गिरफ्तारी के बाद वाजे को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।

