प्रदर्शनकारियों को पुलिस हिरासत से सुरक्षा देने से इनकार
बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों को हिरासत से व्यापक सुरक्षा देने से इनकार किया। कोर्ट ने कहा कि किसी विशिष्ट गैर-कानूनी कार्रवाई की जानकारी मिलने पर वह हस्तक्षेप करेगा। याचिका में मुंबई पुलिस पर शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने का आरोप लगाया गया। मामले की अगली सुनवाई 19 अक्टूबर को होगी।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने वाले लोगों को पुलिस हिरासत से पूरी तरह सुरक्षा देने का आदेश जारी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने भरोसा दिलाया कि अगर कोई खास गैर-कानूनी घटना उसके सामने लाई जाती है, तो वह कार्रवाई करेगा। कोर्ट वकील सागर देवरे की याचिका पर सुनवाई कर रहा था। देवरे ने आरोप लगाया था कि मुंबई पुलिस ने सैकड़ों शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लिया। इन प्रदर्शनकारियों में महिलाएं और छात्र भी शामिल थे, जिन्होंने सप्ताहांत में राष्ट्रीय राजधानी में हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के समर्थन में मार्च निकाला था।
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील मनीष तोमर पेश हुए। हाईकोर्ट ने कहा कि हम ऐसा कोई आदेश नहीं दे सकते कि किसी भी व्यक्ति को हिरासत में न लिया जाए। अगर ऐसी कोई घटना होती है तो आप बताएं, हम उस पर ध्यान देंगे। हम कुछ भी गलत नहीं होने देंगे। अतिरिक्त सरकारी वकील मनीष उपाध्याय ने याचिका में किए गए दावों पर संबंधित अधिकारियों से निर्देश लेने के लिए समय मांगा। इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए, हाई कोर्ट ने मामले की सुनवाई स्थगित कर दी और याचिका पर अगली सुनवाई के लिए 19 अक्टूबर की तारीख तय की।

