बदायूं जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप
केरल से आये धमकी भरे मेल के बाद कोर्ट में चप्पे-चप्पे को जांचा केरल से आये धमकी भरे मेल के बाद कोर्ट में चप्पे-चप्पे को जांचा

बदायूं, संवाददाता। जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में अलर्ट मोड पर आए पुलिस-प्रशासन ने कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी। वहां आने-जाने वालों पर विशेष निगरानी रखते हुए उनकी तलाशी ली गई। बम निरोधक दस्ता ने काफी देर तक कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चलाया लेकिन कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। फिलहाल धमकी भरा मेल आने के बाद न्यायालय परिसर में विशेष सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। बदायूं पुलिस के मेल पर बुधवार सुबह न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल आया। इसकी जानकारी होते ही पुलिस-प्रशासन के साथ ही सभी खुफिया एजेंसियां हरकत में आ गईं।
आनन-फानन में बम निरोधक दस्ता न्यायालय पहुंचा और न्यायालय परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। काफी देर तक दस्ता यहां चेकिंग करता रहा, लेकिन कोई संदिग्ध विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद बम निरोधक दस्ता ने राहत की सांस ली।इधर, पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने मेल की पड़ताल की तो पता चला कि वह ईमेल केरल से आया था। केरल से मेल आने की पुष्टि होने के बाद पुलिस और सभी खुफिया एजेंसियां तहकीकात में जुट गई हैं। ताकि मेल के जरिए धमकी भेजने वाले का पता चल सके और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। फिलहाल न्यायालय परिसर में दिन भर खुफिया एजेंसियां और पुलिस यहां विशेष तलाशी अभियान चलाती रही। किसी भी व्यक्ति को तलाशी के बिना न्यायालय में नहीं जाने दिया गया।


