पत्नी के मायके जाने से भड़का गुस्सा, ससुराल पर ताबड़तोड़ बम से हमला
प्रयागराज के जीटीबी नगर में बम हमले से दहशत फैल गई। राजा बंसी ने अपनी पत्नी के मायके जाने पर गुस्से में आकर अपने साथियों के साथ ससुराल पर चार बम फेंके। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, मुख्य आरोपी फरार है। मोहल्ले में अफरातफरी मच गई।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। जीटीबी नगर में रविवार रात करीब दस बजे अचानक ताबड़तोड़ बम फेंके जाने से दहशत फैल गई। आरोप है कि पत्नी के मायके चले जाने से राजा बंसी उर्फ अली खान नाराज हो गया। उसने अपने दो साथियों के साथ पहुंचकर ससुरालियों से पहले कहासुनी व गाली गलौज की और फिर मकान पर चार देसी बम से हमला किया। करेली पुलिस ने देर रात दो आरोपी उस्मान और आमिर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।पुलिस के अनुसार, जीटीबी नगर निवासी नजमा बेगम की बेटी ने करीब 12 साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ करेली के राजा बंसी उर्फ अली खान से प्रेम विवाह किया था।
कुछ दिन पहले राजा बंसी की पत्नी कहासुनी के बाद मायके चली आई थी और कई बार कहने पर भी वापस नहीं लौट रही थी। आरोप है कि रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे राजा बंसी अपने दो साथी उस्मान और आमिर के साथ पहुंचा और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसका विरोध करने पर मकान पर ताबड़तोड़ चार बम फेंके। परिवार के सदस्यों ने घर के अंदर भाग कर जान बचाई। इधर, धमाके से मोहल्ले वालों में अफरातफरी मच गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। हालांकि, सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हो गई है। करेली पुलिस का कहना है कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मुख्य आरोपी राजा बंसी की तलाश जारी है।


