बीएसएल में निवारक सतर्कता अभियान को लेकर विशेष सत्र
बोकारो स्टील प्लांट के सतर्कता विभाग ने आगामी सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 और निवारक सतर्कता अभियान का आयोजन किया। इस सत्र में बीएसएल के अधिकारियों ने पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और जवाबदेही पर चर्चा की। यह अभियान 17 अगस्त से 16 नवंबर तक चलेगा और 'सत्यनिष्ठा से समृद्धि' विषय पर केंद्रित है।

बोकारो, प्रतिनिधि। बोकारो स्टील प्लांट के सतर्कता विभाग की ओर से आगामी सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 और तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के तहत गुरुवार को विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें बीएसएल के निदेशक प्रभारी, अधिशासी निदेशक, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष और सतर्कता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। यह अभियान 17 अगस्त से 16 नवंबर तक चलेगा। सत्र में अभियान के दौरान प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों और पहलों की जानकारी शीर्ष प्रबंधन को दी गई। साथ ही सुशासन में पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और जवाबदेही की भूमिका पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के तहत किया गया।
मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ ने सत्र का संचालन करते हुए आगामी सतर्कता जागरूकता सप्ताह और निवारक सतर्कता अभियान के तहत चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने सामूहिक जिम्मेदारी, पारदर्शी कार्यप्रणाली और नैतिक आचरण को संगठन की कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर बल दिया। सतर्कता विभाग ने कहा कि इन पहलों से बीएसएल में पारदर्शिता और सुशासन की संस्कृति को और मजबूत किया जाएगा।


