डोडा में जैश-ए-मोहम्मद आतंकी का सड़ा-गला शव मिला
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्र में एक संदिग्ध आतंकवादी का शव मिला है। माना जा रहा है कि यह जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा था और पिछले साल सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में घायल हुआ था। शव के पास अमेरिकी एम-4 कार्बाइन और गोला-बारूद भी पाए गए हैं।

जम्मू, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में ऊंचे पर्वतीय इलाके से प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकवादी का शव बरामद किया गया है। शव बुरी तरह सड़ा-गला होने से आशंका है कि पिछले साल इलाके में सुरक्षाबलों से हुई मुठभेड़ में वह घायल हुआ होगा और बाद में उसकी जान चली गई। मौके से अमेरिका में निर्मित एक एम-4 कार्बाइन और गोला-बारूद भी बरामद की गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), सेना और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान के दौरान सेओजधर जंगल के दूरस्थ-दुर्गम इलाके डिवशेटर में शव मिला।
बेहद घने जंगलों वाला यह इलाका डोडा की भद्रवाह घाटी को ऊधमपुर और कठुआ जिलों से जोड़ता है। अधिकारियों ने कहा कि पिछले साल इस इलाके में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़ हुई थी। माना जा रहा है कि यह आतंकी उस दौरान घायल होने के बाद भाग निकला होगा, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।अधिकारियों ने बताया कि शव बुरी तरह सड़ा-गला होने से आतंकी की मौत काफी पहले होने का अनुमान है। उसके पास अंधेरे में फायरिंग करने में सक्षम अमेरिकी एम-4 और अन्य हथियार मिलने से माना जा रहा है कि वह संभवत: जैश-ए-मोहम्मद का कोई शीर्ष कमांडर था। आतंकी की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी ही इस इलाके का इस्तेमाल घुसपैठ और छिपने के लिए करते थे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान और कड़ी निगरानी कर रही हैं।


