54 घंटे बाद पांचालघाट से 10 किलोमीटर दूर मिला पवन का शव
फर्रुखाबाद में 15 अगस्त को डूबे पवन पाल का शव 54 घंटे बाद मिला। पवन, लखीमपुर खीरी का निवासी था और जल भरने के दौरान गंगा में डूब गया था। शव हुसैनपुर नौखंडा गांव से 10 किलोमीटर दूर मिला। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस और एनडीआरएफ ने शव को पानी से बाहर निकाला।

फर्रुखाबाद। पांचालघाट गंगा में 15 अगस्त को डूबे लखीमपुर खीरी जनपद निवासी पवन पाल का शव करीब 54 घंटे बाद सोमवार को बरामद कर लिया गया। पुलिस, एनडीआरएफ टीम और जिला प्रशासन की लगातार तलाश के बाद शव पांचालघाट से करीब 10 किलोमीटर दूर हुसैनपुर नौखंडा गांव के सामने गंगा में मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पवन पाल निवासी गांव फतेहपुर, जनपद लखीमपुर खीरी 15 अगस्त को गांव के करीब 65 लोगों के साथ पांचालघाट गंगा जल भरने आया था। इसी दौरान गंगा में स्नान करते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना के बाद से ही पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की जा रही थी। सोमवार को तलाश अभियान के दौरान पांचालघाट से करीब 10 किलोमीटर दूर हुसैनपुर नौखंडा गांव के सामने गंगा में शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। शव काफी समय से पानी में रहने के कारण उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। एनडीआरएफ के जवानों ने सावधानीपूर्वक शव को पानी से बाहर निकाला और वोट में रखा। तलाश अभियान के दौरान सीओ सिटी अभय वर्मा भी स्टीमर से गंगा में स्वयं टीम के साथ तलाश में जुटे रहे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में एनडीआरएफ टीम के रवीशंकर, रत्नाकर मिश्रा, संजय और विजेंद्र ने शव को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पवन के परिवार में पिता जितेंद्र पाल के अलावा भाई हर्षित और बहन विनीता हैं। शव मिलने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


