नाव दुर्घटना व डूबने से बचाव के प्रति बच्चों को किया जागरूक
प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम आयोजितर कार्यक्रम आयोजित किया गया। अगस्त माह के चौथे शनिवार को निर्धारित विषय नाव दुर्घटना एवं पानी में डूबने से बचाव को लेकर छात्र-छात्राओं...

नावकोठी, निज संवाददाता। मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत शनिवार को नावकोठी प्रखंड के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम आयोजित किया गया। अगस्त माह के चौथे शनिवार को निर्धारित विषय नाव दुर्घटना एवं पानी में डूबने से बचाव को लेकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
मध्य विद्यालय सैदपुर विष्णुपुर में फोकल शिक्षक हरिहर सहनी अंकित यादव, राम उदय कुमार, मो. शाहिद अंसारी, श्रवण कुमार ने बच्चों को बताया कि नाव से यात्रा के दौरान केवल पंजीकृत नाव का ही उपयोग करना चाहिए। पंजीकृत नाव पर प्रशिक्षित नाविक के साथ भार आरेख एवं सफेद पट्टी का निशान रहता है। क्षमता से अधिक भरी अथवा जानवरों को ढोने वाली नाव से यात्रा नहीं करनी चाहिए।
जीवनरक्षक उपकरण
नाव पर लाइफ जैकेट, लाइफबॉय, रस्सी, पानी उलीचने का बर्तन और प्राथमिक उपचार पेटी जैसे जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता जरूरी है। बच्चों को आंधी, तूफान और तेज बारिश के दौरान नाव की सवारी से बचने की सलाह दी गई। बाढ़, व्रत-त्योहार एवं मेले के दौरान नदी, नहर और तालाब में स्नान या आवागमन करते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया, क्योंकि इस दौरान डूबने और नाव दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
बचाव के उपाय
डूबते व्यक्ति को बचाने के लिए बिना तैरना जाने पानी में उतरने से बचने की सलाह दी गई। इसके बजाय धोती, साड़ी, रस्सी, बांस अथवा आसपास उपलब्ध अन्य संसाधनों के सहारे डूब रहे व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास करने को कहा गया। पानी से बाहर निकालने के बाद तत्काल प्राथमिक उपचार देने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता लेने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सुरक्षित नाव यात्रा का संदेश देते हुए कहा गया कि “उसी नाव पर हो चरण, जिस नाव का हो पंजीकरण।” मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीत कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे।

