टीएमबीयू के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर 24 यूनिट रक्त संग्रह
फोटो है : थैलेसीमिया पीड़ितों की सहायता के लिए हो रहा प्रयास 21 विद्यार्थियों

भागलपुर, वरीय संवाददाता। टीएमबीयू का 67वां स्थापना दिवस रविवार को है। इसकी पूर्व संध्या और विश्व जनसंख्या दिवस पर शनिवार को विवि परिसर स्थित इंडोर मल्टीपर्पस हॉल में विवि एनएसएस द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर कुल 24 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इसमें 21 विद्यार्थियों ने जबकि तीन शिक्षकों ने रक्तदान किया। टीएमबीयू एनएसएस समन्वयक डॉ. राहुल कुमार ने बताया कि थैलेसीमिया पीड़ितों की सहायता और रक्तदान के प्रति जागरूकता के लिए कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा के निर्देश पर यह पहल की गई है। रक्तदान शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि विवि की वरीय शिक्षक डॉ. सुदामा यादव, डीएसडब्ल्यू डॉ. अर्चना साह, कॉलेज इंस्पेक्टर डॉ. रंजना दुबे, मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय झा, वीकेयर के मनोज कुमार एवं समन्वयक डॉ. राहुल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
रक्तदान में विशेष सहयोग स्वयंसेवकों का रहा। डॉ. सुदामा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर स्वयंसेवकों का यह प्रयास अत्यंत वंदनीय है। वक्ताओं ने इस बात को विशेष रूप से रेखांकित किया कि रक्तदान करने से शरीर पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के कार्यक्रम पदाधिकारी, रेडक्रॉस सोसाइटी की मेडिकल टीम, विवि के पदाधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


