फैक्टरी मालिक के भाई, बेटे और पत्नी पर इनाम घोषित
चिल्ला शहबाजी गांव में स्थित एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के बाद योगी सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने फैक्टरी मालिक और उनके परिवार के कुछ सदस्यों पर इनाम घोषित किया है। चार टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। SP ने लोगों से मदद की अपील की है।

चिल्ला शहबाजी गांव स्थित पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के बाद सूबे की योगी सरकार ने सख्त रुख अख्तियार किया है। अफसर अब एक्शन मोड पर आ गए हैं। पुलिस कप्तान ने फैक्टरी मालिक के भाई, पत्नी और बेटे पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। गिरफ्तारी को गठित चारों टीमें संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापामारी कर रही हैं। बहुचर्चित पटाखा फैक्टरी कांड में चिल्ला शहबाजी गांव निवासी गया प्रसाद साहू की तहरीर पर पिपरी थाना पुलिस ने बीएनएस व विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फैक्टरी मालिक नौशाद, उसकी पत्नी कहकसा बानो, बेटे आदिल, भाई शकील, भयाहू शबाना एवं भतीजी साइना को आरोपी बनाया गया है।
फैक्टरी मालिक मुठभेड़ में गिरफ्तार किया जा चुका है। उसकी भयाहू शबाना व भतीजी साइना भी पकड़ी जा चुकी हैं। भाई, पत्नी तथा बेटा अभी भी फरार हैं। इन सभी पर एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने इनाम घोषित किया है। एसपी ने लोगों से अपील की है कि वांछित आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या जिला कंट्रोल रूम को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


