भाजयुमो ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष किया प्रदर्शन
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने झारखंड में परीक्षा धांधली के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजयुमो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की और सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग की। प्रदर्शन में राज्य में पेपर लीक और परीक्षा माफियाओं के खिलाफ आवाज उठाई गई।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने झारखंड में हेमंत सरकार के लगभग सात साल के कार्यकाल में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा व अन्य परीक्षाओं में भारी धांधली एवं अनियमिताए के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन किया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष डॉ विपुल गुप्ता की अगुवाई में जिला परिषद कार्यालय मैदान से मार्च निकालकर समाहरणालय मुख्य द्वार पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल के नाम उपायुक्त को मांग पत्र भी सौपा। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य में पेपर लीक, परीक्षा माफियाओं द्वारा सीटों को बेचने जैसे मुद्दों को लेकर विगत छह-सात दिनों से पूरे झारखंड के छात्र रांची में आंदोलनरत हैं।
परंतु राज्य की भ्रष्ट हेमंत सरकार चुप्पी साधे हुए है। इसका मतलब है परीक्षा माफियाओं के साथ इनके साठ गांठ है। 2019 के बाद के सभी जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराई जाए। फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलवाई जाए। झारखंड में परीक्षा लीक एवं भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का नैतिक जिम्मेवारी लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अविलंब इस्तीफा दे देना चाहिए। 14वीं जेपीएससी गड़बड़ी मामले में तत्कालीन अध्यक्ष एल ख्यांगते का इस्तीफा नाकाफी है। उन पर मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए। जेपीएससी के तीनों सदस्यों की बर्खास्तगी एवं उनकी गिरफ्तारी भी तत्काल सुनिश्चित हो। उत्पाद सिपाही दौड़ परीक्षा में मृत सभी छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड रुपए का मुआवजा मिले। कार्यक्रम में नरेंद्र पांडेय, दुर्गा जौहरी, विपुल कुमार गुप्ता, विश्वजीत पाठक, राजहंस अग्रवाल, शंभू पासवान, लवली गुप्ता व अन्य नेताओं ने अपने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन राजीव रंजन एवं धन्यवाद ज्ञापन शुभम प्रसाद ने किया।


