पीएम के बारे में पोस्ट को लेकर मेटा इंडिया प्रमुख के खिलाफ एफआईआर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मेटा इंडिया के प्रमुख और कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं के खिलाफ शिकायत की। यह मामला आईटी कानून और भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया है। भाजपा ने तेजी से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर मेटा इंडिया के प्रमुख और कुछ सोशल मीडिया यूसर्ज के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए। भाजपा की तेलंगाना इकाई की सोशल मीडिया कोर कमेटी के एक सदस्य की 29 जुलाई की शिकायत के बाद आईटी कानून और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत हैदराबाद साइबर अपराध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। ये मामले उन लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए, जिन्होंने पोस्ट किया और कैसे उन्होंने (सोशल मंचों) इसकी इजाजत दी।
पहला मामला
पहले मामले में इंस्टाग्राम और फेसबुक यूजर्स तथा मेटा इंडिया के प्रमुख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। शिकायतकर्ता ने कुछ ऐसे इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच की मांग की, जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।
कानूनी कार्रवाई की मांग
तेलंगाना बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता एन.वी. सुभाष ने शुक्रवार को मांग की कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी को निशाना बनाकर मॉर्फ्ड (कंटेंट के साथ छेड़छाड़), अपमानजनक और अभद्र कंटेंट बनाने, फैलाने और उसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ तुरंत और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
शिकायत की जानकारियाँ
शिकायतकर्ता ने इंस्टाग्राम और फेसबुक रील्स और पोस्ट के 20 यूआरएल की सूची पुलिस को दी और जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कंटेंट नफरत भड़का सकता है, गलत जानकारी फैला सकता है और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकता है।


