ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशचंडीगढ़ के मेयर होंगे BJP के अनूप गुप्ता, सिर्फ एक वोट से AAP के जसबीर सिंह को हराया

चंडीगढ़ के मेयर होंगे BJP के अनूप गुप्ता, सिर्फ एक वोट से AAP के जसबीर सिंह को हराया

भाजपा के अनूप गुप्ता ने चंडीगढ़ के मेयर पद का चुनाव जीता। उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जसबीर सिंह को एक वोट से हराया। सदन में मेयर पद के लिए मंगलवार को हुई वोटिंग में कुल 29 वोट डाले गए।

चंडीगढ़ के मेयर होंगे BJP के अनूप गुप्ता, सिर्फ एक वोट से AAP के जसबीर सिंह को हराया
Surya Prakashलाइव हिन्दुस्तान,चंडीगढ़Tue, 17 Jan 2023 02:23 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के अनूप गुप्ता ने चंडीगढ़ के मेयर पद का चुनाव जीत लिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जसबीर सिंह को एक वोट से हराया। सदन में मेयर पद के लिए मंगलवार को हुई वोटिंग में कुल 29 वोट डाले गए। इनमें से 15 वोट अनूप गुप्ता को हासिल हुए, जबकि 14 मत जसबीर सिंह को हासिल हुए। डिप्टी मेयर के पद पर भी भाजपा को ही 1 वोट से जीत मिली है। भाजपा के कंवरजीत राणा ने आप उम्मीदवार तरुणा मेहता को एक वोट से हरा दिया। राणा को 15 मत मिले, जबकि मेहता को 14 वोट ही मिले।

कांग्रेस और अकाली दल के पार्षद वोटिंग से दूर रहे। इस तरह महज एक वोट के अंतर से भाजपा के उम्मीदवार ने मेयर पद पर जीत हासिल कर ली। मेयर पद पर जीतने के बाद अनूप गुप्ता ने कहा, 'मैं अपनी पार्टी लीडरशिप को धन्यवाद देता हूं, जिसने मुझ पर भरोसा जताया। मैं सदन को उसी गरिमा के साथ चलाऊंगा जैसे सरबजीत कौर ने चलाया।' 

चंडीगढ़ में भी दिल्ली नगर निगम की तरह ही हर साल मेयर का चुनाव होता है, जिसमें पार्षद वोटिंग करते हैं। अनूप गुप्ता बीते साल पहली बार ही पार्षद चुने गए थे और अब वह मेयर बन गए हैं। पहली बार में ही उन्हें इतनी बड़ी सफलता मिलने की काफी चर्चाएं हो रही हैं। मंगलवार सुबह 11 बजे मेयर चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हुई थी। मतदान में कुल 14 वोट आम आदमी पार्टी को मिले, जबकि 14 पार्षदों के ही वोट भाजपा को भी मिले। लेकिन सांसद किरण खेर का वोट हासिल कर भाजपा कैंडिडेट ने जीत हासिल कर ली। सदन में कांग्रेस के 6 वोट हैं, जबकि अकाली दल का भी एक ही सदस्य है। हालांकि दोनों ही पार्टियां चुनाव से दूर रहीं। 

मेयर के चुनाव में बड़े पैमाने पर पुलिस की तैनाती की गई थी। इस दौरान चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर विनय प्रताप सिंह भी मौजूद थे। चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने सदन में मनोनीत पार्षदों की मौजूदगी का विरोध किया। पेशे से कारोबारी अनूप गुप्ता महज 38 साल के हैं और उनका मेयर बनना अहम है क्योंकि वह बीते साल ही चुनाव जीते थे। उस दौरान उन्हें डिप्टी मेयर बनाया गया था। उन्हें भाजपा की सांसद किरण खेर समेत कई सीनियर नेताओं का करीबी माना जाता रहा है। माना जाता है कि इसी वजह से उन्हें मेयर पद पर चुनाव का मौका दिया गया।

कांग्रेस के पार्षद वोटिंग से दूर कसौली क्यों गए

एक तरफ चंडीगढ़ में मेयर चुनाव के लिए वोटिंग हो रही थी तो कांग्रेस के सभी 6 पार्षद हिमाचल प्रदेश के कसौली में ट्रिप पर गए थे। इस बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी ने हमारे पार्षदों को लुभाने के लिए नोटों के बैग खोल लिए थे। इसलिए हमने वोटिंग से ही दूर रहने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी ने सिटी ब्यूटीफुल कहे जाने वाले चंडीगढ़ की छवि को खराब किया है। इसीलिए हमने वोटिंग से ही दूरी बना ली। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें