भाजपा उत्तराखंड में कई सीटों पर उतार सकती है युवा चेहरे
-संगठन प्रभारियों की टीम ले रही है जमीनी फीडबैक नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। उत्तराखंड

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। उत्तराखंड के विधानसभा चुनावों में सत्ता विरोधी माहौल की काट के लिए भाजपा इस बार कई सीटों पर नए चेहरों को लाने की तैयारी में है। पार्टी की राज्य में तैनात की गई संगठन प्रभारियों व सह प्रभारियों की टीम जहां संगठन को चुनावी मोड में लाने की रणनीति बना रही है, वहीं नए युवा चेहरों को भी खोज रहे हैं। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। छोटा राज्य होने के बावजूद उत्तराखंड की राजनीतिक तासीर काफी बड़ी रही है। उत्तर प्रदेश से अलग होने के बाद राज्य की सत्ता भाजपा और कांग्रेस के बीच बंटती रही है।
अभी भाजपा लगातार दूसरे कार्यकाल में सत्ता में है। ऐसे में पार्टी रणनीतिकार सत्ता विरोधी माहौल का आकलन व उसकी काट की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, राज्य में संगठन प्रभारियों की तीन सदस्यीय टीम प्रभारी राम माधव , सह प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज राज्य का जमीनी फीडबैक हासिल कर रहे हैं।सूत्रों के अनुसार, इस बार कई सीटों पर नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं। पार्टी के प्रभारी संपर्क व संवाद के दौरान संभावित चेहरों खासकर युवाओं पर भी नजर रख रहे हैं, जो बदलाव की प्रक्रिया में आगे लाए जा सकते हैं। इनमें युवा मोर्चा व अन्य मोर्चों के साथ प्रदेश संगठन में सक्रिय युवा चेहरों की संभावित दावेदारी को भी कसौटी पर कसा जाएगा।

